Budaun News: जिला अस्पताल में एक्स-रे व जांच के नाम पर वसूली की जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Wed, 11 Oct 2023 01:07 AM IST
बदायूं । जिला अस्पताल में एक्स-रे व जांच के नाम पर मरीजों से वसूली की शिकायत की सीएमओ ने जांच शुरू करा दी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कटरा के रहने वाले दिनेश ने एक्स-रे और जांच के नाम पर रोगियों से जिला अस्पताल में वसूली किए जाने की शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि जिला अस्पताल में डेंगू और मलेरिया संक्रमण के चलते जांच कराने के लिए रोगियों की भीड़ लग रही है। एक कर्मचारी जल्द जांच कराने की बात कहकर रोगियों से वसूली कर रहा है। वहीं एक्स-रे के नाम पर भी वसूली की जा रही है।
शिकायत का संज्ञान लेकर सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार ने गोपनीय तरीके से जांच शुरू करा दी है। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के सीएमएस उनकी रैंक के अधिकारी हैं। उनको वह दिशा-निर्देश नहीं दे सकते हैं। लिहाजा अपने स्तर से गोपनीय जांच करा रहे हैं। जो भी कर्मचारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पहले भी इस तरह की शिकायतें मिल चुकी हैं।



