Budaun News: सांड़ों के हमले में घायल किसान की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 30 Oct 2023 01:04 AM IST

मृतक प्रेम सिंह। फाइल फोटो
उझानी। फसल बचाने के लिए खदेड़ने के लिए डंडा दिखाने पर दो सांड़ों ने बुजुर्ग किसान पर खेत में हमला कर घायल कर दिया था। इलाज के दौरान करीब 17 दिन बाद रविवार को उनकी राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव बसावनपुर निवासी प्रेम सिंह (60) का घर से कुछ ही दूरी पर खेत है। 12 अक्तूबर की शाम करीब छह बजे बाजरा की फसल की रखवाली के लिए वह खेत पर गए थे। बेटे धैर्येंद्र ने बताया कि उस वक्त खेत की मेड़ के पास ही दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। पिता को लगा कि दोनों सांड़ अगर उनके खेत में घुस आए तो बाजरे की फसल को नुकसान होगा। इसलिए उन्होंने डंडा दिखाकर सांड़ों को खदेड़ने की कोशिश की। उसी दौरान एक सांड़ ने पिता पर हमला कर दिया। दूसरे सांड़ ने उन्हें सींग में फंसाकर उछाल दिया। सींग लगने से उनका सीना लहूलुहान हो गया था।
आसपास खेतों पर मौजूद लोगों के शोर मचाने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। लहूलुहान प्रेम सिंह को राजकीय मेडिकल कॉलेज मे भर्ती कराया लेकिन शनिवार रात उनकी हालत बिगड़ गई। रविवार तड़के करीब पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। बेटे समेत परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। दोपहर बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। बेटे धैर्येंद्र ने बताया कि सांड़ पहले भी उनके खेत में फसल को नुकसान पहुंचा चुके हैं।