Budaun News: सालों से सूखी पड़ी अरिल नदी में आया पानी, बाढ़ जैसे हालात

दबतोरी से सिरौली मुख्य मार्ग अरिल नदी में आयी बाड़।
नदी की पुलिया पर तीन फुट ऊंचाई तक बह रहा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी। सालों से सूखी पड़ी अरिल नदी में इस बारिश के बाद काफी पानी बहने लगा है। हालत यह है कि पुलिया के ऊपर तीन फुट तक पानी है और बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। ऐसे में लोग अपनी जान पर खेलकर इसे पार कर रहे हैं। इस कारण दबतोरी-सिरौली मुख्य मार्ग भी बंद हो गया है। आसपास के लोग परेशान हैं।
दबतोरी-सिरौली मुख्य मार्ग बरेली, रामपुर, मुरादाबाद व संभल जिले से जुड़ा हुआ है। बढ़ी संख्या में लोग इस रोड से आसपास जिलों के क्षेत्राें में जाते हैं। इसके अलावा दबतोरी रेलवे स्टेशन से राजधानी दिल्ली समेत अन्य शहरों के लिए बड़ी तादाद में लोग ट्रेन से सफर तय करते हैं। क्षेत्र के लोग बताते हैं कि साल 2006 से पहले इस नदी में काफी पानी बहता था लेकिन धीरे-धीरे यह पूरी तरह सूख गई। नदी सूखने के बाद आसपास किसानों ने जमीन जोतकर फसल करना शुरू कर दी।
बीते वर्ष सरकार ने सूखी अरिल नदी की खोदाई और जल प्रवाह करने की घोषणा कर दी थी। हाल ही में बरेली की सीमा क्षेत्र में खोदाई का काम पूरा हो चुका लेकिन बदायूं सीमा शुरू होते ही इसकी खोदाई रुक गई। अब चार दिन से क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते इस सूखी नदी में काफी पानी आ गया है। गांव ललुआनगला की सीमा क्षेत्र में सिरौली रोड पर बनी पुलिया के ऊपर से तीन फुट पानी बहने लगा है। ऐसे में बाइक सवार ओर अन्य लोग जोखिम लेकर पानी में घुसकर सफर तय कर रहे हैं।
–
रोड का मुख्य हिस्सा टूटा
क्षेत्र समेत आसपास से काफी संख्या में हरिद्वार और कछला से जल भरकर कांवड़िया जलाभिषेक करने गुलड़िया के गौरी शंकर मंदिर के लिए जाते हैं। ऐसे में कांवड़ियों के लिए इस रूट से जाना जोखिम भरा बना है। ग्रामीणों के अनुसार ललुआनगला में रोड का मुख्य हिस्सा 90 प्रतिशत टूट चुका है। ऐसे में लोग सफर करने से भी कतरा रहे हैं।



