Budaun News: कोटेदारों को मिला सीएससी चलाने का लाइसेंस
400 कोटेदारों के भेजे गए थे नाम, 123 का किया गया चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राशन बांटने के बाद में कोटेदार खाली बैठा करते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। शासन ने उनके लिए रोजगार की व्यवस्था कर दी है। अब वह खाली दिनों में सीएससी चला सकेंगे। इसको लेकर उनका लाइसेंस जारी किया गया है।
सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) चलाने के लिए लाइसेंस अब तक चुनिंदा लोगों को ही दिया जाता था, लेकिन अब गांव-गांव में सीएससी नजर आएंगे। दरअसल, सरकारी सस्ते गल्ले के कोटेदार महीने में दो-तीन दिन राशन बांटने के बाद बाकी दिनों में खाली रहते थे। अब ऐसा नहीं होगा, क्योंकि शासन ने उनके लिए रोजगार की व्यवस्था कर दी है।
जिले में करीब 1200 कोटेदार हैं। जिनमें से विभाग ने 400 कोटेदारों का चयन कर सीएससी चलाने के लिए शासन को लिस्ट भेजी थी। वहां से 123 कोटेदारों का सीएससी चलाने के लिए चयन किया गया है। ऐसे में अब कोटेदार जहां पर राशन का वितरण करते हैं वहीं पर सीएससी भी चला सकेंगे। वह राशन बांटने के बाद अपनी दुकान पर ही आय, जाति, निवास, आयुष्मान कार्ड आदि बना सकेंगे। यहां तक कि वह बिजली के बिल भी जमा कर सकेंगे।
डीएसओ रमन मिश्रा ने बताया कि राशन वितरण करने के बाद में कोटेदार खाली हो जाते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। शासन ने उनकी आय बढ़ाने के लिए सीएससी का लाइसेंस दिया है। इसके लिए उनको कोई भी धनराशि नहीं देनी होगी।