बदायूं

Budaun News: पेट्रोल पंप का लाइसेंस देने के नाम 19.85 लाख रुपये की ठगी

Connect News 24

बदायूं। पेट्रोल पंप का लाइसेंस देने के नाम पर शहर के मोहल्ला लोची नगला निवासी अजय गुप्ता से 19.85 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने चार महीने बाद अज्ञात लोगों खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अजय के मुताबिक, उन्होंने पेट्रोल पंप के लाइसेंस के लिए एक विज्ञापन में दी गई वेबसाइट पर आवेदन किया था। उनसे फॉर्म-लाइसेंस फीस और बाउंड्री बाल के नाम पर रुपये जमा कराए गए थे। बाद में मामला ठगी का निकला।

अजय का कहना है कि उन्होंने 28 जून 2023 को पेट्रोल पंप के लाइसेंस का विज्ञापन देखा था। उसमें एक कंपनी के नाम की वेबसाइट छपी थी। इस पर उन्होंने अपने छोटे भाई मोहित गुप्ता के नाम से वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कराया। बाद में एक नंबर से उनके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने जगह और उसकी लोकेशन पूछी। इस पर उन्होंने बताया कि बिनावर थाना क्षेत्र में बरेली-बदायूं हाईवे पर मलगांव के पास उनका खेत है। वहीं पेट्रोल पंप लगवाना चाहते हैं।

कॉल करने वाले ने एक ई-मेल भेजा। उसमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड महाराष्ट्र कंपनी के नाम का बैंक खाता नंबर दिया गया था। उसमें फॉर्म फीस 2,90,000 रुपये जमा कराए गए। लाइसेंस फीस 11,95,650 रुपये और बाउंड्रीबाल के लिए 5,00,000 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद मोबाइल नंबर बंद हो गया। इससे उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

उन्होंने थाना पुलिस को तहरीर दी, लेकिन तब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस मामले की जांच करने की बात कहती रही। अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button