Budaun News: सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता का पुलिस ने कराया मेडिकल
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र में चार महीने पहले हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज करने के बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। अब उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाने की तैयारी की गई है।
चार महीने पहले शाहजहांपुर की रहने वाली किशोरी अपनी मां के साथ सदर कोतवाली क्षेत्र में आई थी। यहां आने पर वह अपनी मां के साथ जंगल में शौच को गई तो दो युवकों ने मां को बंधक बनाकर उसके ही सामने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया था। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस की जांच में यह मामला फर्जी साबित हुआ। इसके बाद महिला ने कोर्ट में अर्जी दी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर बुधवार को पीड़िता के लिए मेडिकल परीक्षण को भेजा है। इस संबंध में सदर कोतवाल राजीव तोमर का कहना है कि पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। उसके अब कोर्ट में बयान कराए जाएंगे। संवाद