Budaun News: गंगा प्रहरियों ने की कछला घाट पर सफाई, श्रद्धालुओं को चेताया
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 20 Jun 2023 01:04 AM IST

कछला घाट पर सफाई करते गंगा प्रहरी। संवाद
उझानी/कछला। गंगाघाट पर साफ-सफाई के लिए सोमवार सुबह ही गंगा प्रहरियों की टोली पहुंच गई। टोली में शामिल युवकों ने घाट पर सफाई के बाद कूड़ा दूसरे छोर पर गड्ढा खोदकर दबा दिया। उन्होंने घाट पर मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं को गंदगी न फैलाने के प्रति जागरूक किया। ठेला-खोमचे वालों से कूड़ेदान रखने की अपील की।
गंगा प्रहरियों की टोली में शामिल युवकों ने सफाई अभियान शुरू करने से पहले गंगास्नान कर पूजा-अर्चना की और श्रद्धालुओं से सफाई में सहयोग मांगा। कहा- गंगा में खंडित मूर्तियों समेत हवन-पूजन की सामग्री प्रवाहित न करें। हवन की राख से गंगा में प्रदूषण होता है। साथ ही गंगा में वाहन भी न धोएं। कोई भी गंगा में वाहन धोता मिले तो इसकी सूचना पुलिस चौकी या नगर पंचायत कार्यालय को दें।
कांच और प्लास्टिक की बोतलों को भी गंगा में न फेंकें। गंगा प्रहरियों की टोली ने घाट पर करीब तीन घंटे तक सफाई अभियान चलाया। सफाई के प्रति दुकानदारों को भी जागरूक किया। टोली में शामिल मोहित तोमर ने बताया कि गंगा प्रहरी प्रत्येक रविवार को घाट पर सफाई किया करेंगे। अभियान में पहले दिन उनके साथ धर्मवीर सिंह तोमर, गिरीश तोमर, पवन कश्यप, कौशल मौर्य आदि भी शामिल रहे।