Budaun News: बछौरा में तेजी से कटान कर रही गंगा, मुख्य सड़क कटी

उसहैत के गांव बछौरा में हो रहा कटान। संवाद
शुक्रवार को गंगा के जलस्तर में आंशिक वृद्धि, रामगंगा का घटा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बाढ़ प्रभावित इलाकों के लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने से उसहैत के गांव बछौरा में जहां कटान बढ़ गया है तो वहीं गांव की मुख्य सड़क कट जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। शुक्रवार को गंगा के जलस्तर में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई तो वहीं रामगंगा के जलस्तर में गिरावट आई।
बाढ़ का सबसे ज्यादा असर जिले में सहसवान और दातागंज तहसील में है। गंगा और रामगंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव होने के कारण स्थितियां सुधरने का नाम नहीं ले रहीं हैं। शुक्रवार को भी गंगा के जलस्तर में वृद्धि देखी गई। बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर जहां 162.72 मीटरगेज था वहीं शुक्रवार को यह 162.77 मीटरगेज हो गया।
हालांकि रामगंगा का जलस्तर अपेक्षाकृत कम रहा। बृहस्पतिवार को रामगंगा का जलस्तर 160.450 मीटरगेज रहा जो शुक्रवार को 160.300 मीटरगेज रह गया था। शुक्रवार को नरौरा से अब तक का सर्वाधिक पानी छोड़ा गया। हालांकि बिजनाैर और हरिद्वार से कम पानी छोड़ा गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शनिवार व रविवार से जलस्तर कम होना शुरू हो सकता है।
उसहैत। गंगा का जलस्तर बढ़ने से सबसे ज्यादा असर दातागंज तहसील के उसहैत क्षेत्र के गांव बछौरा पर पड़ा है। यहां गंगा ने कटान तेज कर दिया है तो गांव को जाने वाला मुख्य रास्ता बाढ़ के पानी में बह चुका है। अब यहां ग्रामीणों ने मिट्टी डालकर रास्ता बना लिया है, लेकिन उन्हें आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के अजय, संजेश आदि ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी के कारण रास्ते पर काफी कीचड़ फैल गई है, जिससे फिसलने का खतरा बना हुआ है। इधर क्षेत्र के गांव कमलेनगला, बेहटी के ग्रामीणों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। यहां के लोग काफी समय से दूसरे स्थानों पर रह रहे हैं। गनीमत ये है कि हल्के बुखार के अलावा यहां कोई बीमारी अब तक नहीं फैली है। हालांकि गांव वालों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें यहां नहीं पहुंचीं हैं।
–
शुक्रवार को छोड़ा गया पानी
– नरौरा- 3,17,158 क्यूसेक
– बिजनौर- 1,41,351 क्यूसेक
– हरिद्वार- 1,33,290 क्यूसेक
–
नाव के सहारे निपट रहे काम, गन्ने की फसल में भरा पानी
सहसवान। तहसील क्षेत्र के गांवों तौफिया नगला, परशुराम नगला, वीरसहाय नगला, भमरोलिया में बाढ़ का प्रभाव कम नहीं हो रहा है। वीरसहाय नगला में लोग अपने घर छोड़कर तटबंध पर रह रहे हैं। यदि उन्हें किसी काम से घरों तक जाना पड़ता है तो नाव ही उनका सहारा है। खेतों से लेकर सड़कों तक पानी भरा है।
बिजली की समस्या भी बनी हुई है तो सामान्य बुखार, चर्मरोग, आईफ्लू से भी लोग प्रभावित हैं। हालांकि प्रशासन की तरफ से बृहस्पतिवार को राहत सामग्री बांटी गई। लोगों का कहना है कि उनकी गन्ने की काफी फसल खराब होने के कगार पर है। अगर पानी कम नहीं हुआ तो रही-सही फसल भी खराब हो जाएगी। पानी कम न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। संवाद

उसहैत के गांव बछौरा में हो रहा कटान। संवाद

उसहैत के गांव बछौरा में हो रहा कटान। संवाद

उसहैत के गांव बछौरा में हो रहा कटान। संवाद