Budaun News: हाईटेंशन लाइन टूटने से बच्ची झुलसी, दो बकरियां मरीं

वजीरगंज/सैदपुर। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उरैना में शनिवार शाम हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से एक बच्ची झुलस गई, जबकि दो बकरियांं मर गईं। बच्ची को जिला अस्पताल भेजा गया है।
ग्राम उरैना निवासी अंशिका पाल (12) पुत्री दुर्गपाल शनिवार शाम करीब पांच बजे गांव के ही नजदीक बकरियां चरा रही थी, तभी हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इससे अंशिका पाल गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि दो बकरियां मर गईं। खेतों में काम कर रहे लोगों ने किसी तरह अंशिका को तार से अलग किया। बाकी बकरियों को भी हांककर दूर कर दिया।
सूचना पर बालिका के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। वे उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इधर, ग्रामीणों की सूचना पर थाना पुलिस और विद्युत निगम के कर्मचारी भी पहुंच गए। उन्होंने आपूर्ति बंद करवाकर लाइन सही कराई। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन काफी समय से जर्जर है, जो अक्सर टूटकर गिर जाती है। विद्युत निगम इस पर ध्यान नहीं दे रहा है।