Pilibhit News: पूरनपुर बाइपास के चौड़ीकरण के लिए मिले 2.95 करोड़
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने जनपद में विधानसभा पूरनपुर के अंतर्गत अन्य जिला मार्ग योजना से पूरनपुर- बाइपास मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मंजूरी दी है। इसके लिए 2.95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पीलीभीत के भ्रमण के दौरान लोगों ने लोनिवि मंत्री जितिन प्रसाद से पूरनपुर बाइपास निर्माण की मांग की थी। इस पर उन्होंने जल्द ही स्वीकृति का आश्वासन दिया था। पूरनपुर बाइपास एनएच-730 को निघासन, पलिया, धनाराघाट, पूरनपुर के शेरपुर कलां गांव से जोड़ा जाना भी प्रस्तावित है। इस मार्ग के बन जाने से लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, खीरी, खुटार की तरफ से आकर धनाराघाट एवं माधोटांडा, चूका पर्यटन स्थल, खटीमा, टनकपुर की तरफ आसानी से जाया जा सकेगा।
पूरनपुर के आबादी वाले भाग में पड़ने वाले जाम से निजात मिलेगी। खटीमा, उत्तराखंड, माधोटांडा की तरफ से खुटार, गोला गोकरणनाथ, लखीमपुर खीरी होते हुए लखनऊ की ओर जाने वाले लोगों को भी खासी राहत मिलेगी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता उदय नरायन ने बताया कि बाइपास पर मंडी व पीडब्ल्यूडी की सड़क है। इसका चार किलोमीटर के हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। संवाद