Budaun News: वेंडिंग जोन में जाएं रेहड़ी-ठेले वाले तो मिले शहर को जाम से निजात
– शहर में रजिस्टर्ड ठेले और खोमचे वालों को बनाए गए हैं सात वेंडिंग जोन
– दुकानदारों ने कर लिया फुटपाथों पर अतिक्रमण, सड़कों पर लग रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर को जाम से मुक्त कराना आसान नहीं है। इसका कारण चार हजार से अधिक रेहड़ी-ठेले वाले हैं जो स़ड़कों के किनारे कब्जा जमाए बैठे हैं। इससे सड़कें संकरी हो गईं हैं। पालिका ने सात वेंडिंग जोन बनाकर इन्हें शिफ्ट करने की कोशिश की लेकिन अभी तक सफलता हाथ नहीं लगी है।
शहर में अतिक्रमण के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानें सड़क पर फैला रखी हैं। जितनी दुकान अंदर है, उतनी बाहर भी दिखती है। कई बार अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया लेकिन यह औपचारिकता ही साबित हुआ। अतिक्रमण के नाम पर केवल दुकानों के आगे पड़े स्लैब और टीनशेड तोड़कर इतिश्री कर ली जाती है। इस वजह से शहरवासियों को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। दुकानों के आगे खड़े ठेले वाले भी जाम का कारण बनते हैं।
शहर में केवल 3414 ठेला- खोमचा वाले रजिस्टर्ड
– शहर में 3414 ठेला और खोमचा वाले रजिस्टर्ड हैं। शहर में करीब 4000 से अधिक ठेला-खोमचे वाले ऐसे हैं जो पालिका के रिकार्ड में रजिस्टर्ड नहीं हैं ।
पीएम स्वनिधि योजना से 3414 लोग ले चुके हैं रोजगार को ऋण
– शहर में रोजगार करने के लिए रजिस्टर्ड ठेले, खोमचे वालों को पीएम स्वनिधि योजना संचालित की गई जिसके तहत रोजगार करने को सरकार की ओर से ऋण मुहैया कराया गया। ऐसे में शहर के अंदर रजिस्टर्ड ठेले, खोमचे वालों में 3414 ने इस योजना के तहत ऋण लिया है।
पालिकी के नोटिस भी बेअसर- नगर पालिका प्रशासन ने कई बार ठेला, खोमचे वालों को नोटिस जारी कर वेंडिंग जोन में व्यापार करने के निर्देश दिए लेकिन बावजूद इसके ठेले वाले सड़कों के किनारे ही डटे हुए हैं।
इन स्थानों को बनाया गया था वेंडिंग जोन
– वन विभाग रोड
– इंदिरा चौक से स्टेशन रोड
– एसके फील्ड
– हाइडिल के सामने खाली पड़ा मैदा
– पुरानी अनाज मंडी के सामने
– घंटाघर के बराबर में खाली पड़ी पार्किंग की जमीन
– मिशन स्कूल से आवास विकास जाने वाली रोड की साइड पटरी
-शहर में सात स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाए गए। वहां पर ठेले, खोमचे वाले खड़े हो रहे हैं,लेकिन अपेक्षाकृत नहीं पहुंच रहे हैं। इसको लेकर अभियान चलाया जाएगा। बिना रजिस्ट्रेशन धंधा करने वालों को पटरी से हटाया जाएगा। सड़कों पर सामान रखने वाले दुकानदारों को भी कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।- डॉ. दीप कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद