Budaun News: जमकर बरसा पानी… गर्मी से राहत पर जलभराव से दिक्कत

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।
दुकानों से लेकर घरों तक में भरा पानी, शाम तक नहीं हो सकी निकासी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बृहस्पतिवार सुबह हुई झमाझम बारिश से लोगाें को गर्मी के कुछ हद तक राहत मिली। सुबह करीब एक घंटे झमाझम और उसके बाद रिमझिम बारिश हुई। वहीं दिन में भी करीब ढाई घंटे तक तेज बारिश और उसके बाद फिर हल्की बारिश का सिलसिला चलता रहा। शाम करीब साढ़े चार बजे बारिश बंद हुई। इससे शहर के अधिकतर इलाकों में जलभराव हो गया। ऐसे में यहां से निकलने वाले लोगों को आवागमन में दिक्कत हुईं। वहीं निचले इलाकों में बने घरों में बारिश का पानी भर गया।
शहर में नाले, नालियों की सफाई नगर पालिका ने अभी तक ठीक से नहीं कराई है। ऐसे में इसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को दिनभर हुई बारिश की वजह से शहर के सभी प्रमुख मार्गों पर जलभराव रहा। हालात यह थे कि शहर की प्रमुख सड़कें तालाब की तरह नजर आने लगीं।
शहर के छह सड़का से गांधी ग्राउंड, परशुराम चौक से सकरी क्लीनिक होते हुए शिव मंदिर जाने वाले रोड, शिव मंदिर से पनवाड़ी, जोगीपुरा, शिवपुरम, नेकपुर आदि जगहों पर लोगों के घुटनों तक पानी रहा। तेज बारिश के चलते सुपर मार्केट, कबूलपुरा गौटियां, नेकपुर, जवाहरपुरी, आदर्शनगर आदि इलाकों के कुछ घरों व दुकानों में पानी भर गया। इससे घर में नीचे रखा सामान भीग गया।
बाइकों के इंजन में भरा पानी
शहर में तेज बारिश होने से प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया था। ऐसे में जोगीपुरा, छह सड़का, शिवचौक, शिवपुरम मार्ग पर घुटनों तक भरे पानी से गुजरते दोपहिया वाहनों के इंजन में पानी भर गया। ऐसे में लोगों को अपने वाहनों को पानी में उतर कर खींचना पड़ा। जिसकी वजह से काफी दिक्कत हुई।
–
खेतों से लेकर सड़क तक पानी
पिछले दिन चार दिनों की बात करें तो शहर की अपेक्षा देहात क्षेत्र में बारिश काफी ज्यादा हुई है। जिसकी वजह से अब सड़क और खेतों के बीच में ज्यादा फर्क नहीं रहा। आंकड़ों के अनुसार, तीन जुलाई को बदायूं में सात एमएम बारिश हुई, जबकि दातागंज में 20 एमएम, बिसौली और सहसवान में शून्य, चार जुलाई को बदायूं में चार एमएम, दातागंज में 20, बिसौली, सहसवान शून्य, पांच जुलाई को बदायूं में 22 एमएम, दातागंज में 23, सहसवान में पांच, बिसौली में शून्य, छह जुलाई को बदायूं में शून्य, दातागंज में 32, बिसौली में 29 और सहसवान में 74 एमएम बारिश हुई।
–
मक्का की फसल को नुकसान, धान को होगा फायदा
जिले में इन दिनों हो रही बारिश से धान की फसल को फायदा होगा, क्योंकि धान की नर्सरी तैयार हो चुकी है। अब खेतों में लगाने की तैयारी चल रही है। वहीं कृषि अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि वैसे तो मक्का की अधिकांश फसल कट चुकी है। अगर कहीं पर खेतों में मक्का खड़ी है तो उसको नुकसान होगा। इसके अलावा सब्जी फसल को काफी ज्यादा नुकसान होगा।
–
गांधी ग्राउंड में भरा पानी, मेला प्रभावित
गांधी ग्राउंड पर लगा मेला इस दिनों बारिश की भेंट चढ़ गया है। हालात ये हैं बृहस्पतिवार को जो बारिश हुई उससे गांधी ग्राउंड में घुटनों तक पानी भर गया। इससे झूले नहीं चल सके। साथ ही दुकानों में रखा सामान भी खराब हो गया।
ग्रामीण इलाकों में भी जलभराव से दिक्कत
बिल्सी। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश से बिजलीघर रोड, पालिका बाजार, साहबगंज, हनुमानगढ़ी कॉलोनी में लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। बारिश का पानी करीब तीन घंटे तक सड़कों पर भरा रहा। कोतवाली एवं तहसील परिसर में बारिश का पानी भर जाने से यहां आने वाले फारियादियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सरकारी अस्पताल परिसर में भी काफी पानी भर गया।
उसावां। दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश से पिछले कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है वहीं मेंथा की फसल को नुकसान पहुंचा है।
फैजगंज बेहटा। कस्बे में भारी बारिश के कारण थाना परिसर व कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में जलभराव हो गया। नालों की सफाई न होने से सड़को पर कीचड़ फैल गई।
थानों में भी भरा पानी
बदायूं। जिले में बृ़हस्पतिवार को जमकर बारिश हुई। जलभराव इतना हो गया कि थानों के अंदर तक पानी भरा गया। जिससे पुलिस स्टाफ समेत फरियादियों को भी आने जाने में परेशानी हुई। सबसे ज्यादा खराब हालात वजीरगंज और उसहैत थानों का था। संवाद
00
शहर में नालों की तली झाड़ सफाई कराई जाएगी। इसको लेकर सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया है। साथ ही शुक्रवार को उन व्यापारियों के साथ में बैठक की जाएगी। जिन लोगों ने नालों पर कब्जा कर लिया है, ताकि नालों की सफाई बेहतर तरीके से हो सके। जिससे शहर में जलभराव न हो।
-फात्मा रजा, पालिका अध्यक्ष बदायूं

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।

छ:सड़का पर भरा बरसात का पानी।