Budaun News: मक्का लदे वाहनों से हाईवे तीन घंटे जाम

उझानी मंडी में मक्का की आवक बढ़ने पर बरेली-मथुरा हाईवे पर लगा जाम। संवाद
मंडी में प्रवेश से पहले तौल कराने में लगी कतारों का असर बरेली-मथुरा हाईवे के ट्रैफिक पर पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। कृषि उत्पादन मंडी समिति में बृहस्पतिवार पूर्वाह्न एक बार फिर मक्का की आवक बढ़ गई। अनाज लदे वाहनों की संख्या बढ़ने पर मंडी गेट से धर्मकांटों के आसपास जाम लग गया। इसके बाद हाईवे से होकर निकलने वाले वाहन भी फंस गए। आवागमन सुचारू कराने में पुलिस को करीब तीन घंटे लगे। राहगीरों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा।
मंडी समिति परिसर बरेली-मथुरा हाईवे से सटा है। बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे से मक्का लदे वाहन आने लग गए। मंडी में वाहन लेकर पहंचने से पहले किसानों ने आसपास के धर्मकांटों पर तौल शुरू कर दी। इसके बाद धर्मकांटों के आसपास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी लाइन लग गई। हाईवे पर होकर बरेली और मथुरा की ओर आने-जाने वाले वाहन भी जाम में फंसते चले गए। इनमें रोडवेज की बसें भी नजर आईं। जाम में फंस जाने के बाद बसों और कार सवार लोगों को गर्मी वजह से परेशानी भी हुई।
जाम के दौरान पुलिस कर्मियों ने वाहन चालकों को कतार में रहकर आगे बढ़ने की सलाह दी, लेकिन कुछेक चालकों की वजह से आवागमन सुचारू नहीं हो पाया। पुलिस ने करीब तीन घंटे बाद छोटे वाहनों को छतुइया फाटक तो दूसरी ओर आंबेडकर चौराहे पर रोक कर अनाज लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मंडी की ओर रुख कराया तब कहीं जाकर आवागमन शुरू हो पाया। बता दें कि पिछले महीना भी बरेली-मथुरा हाईवे पर इसी तरह से करीब पांच घंटे तक जाम लगा रहा था।
शनिवार को जाम के हालात बने तो फंसेंगे कांवड़िये
– बरेली-मथुरा हाईवे पर मंडी समिति के गेट के सामने से ही कांवड़िये निकलते हैं। उनकी टोलियों के साथ वाहन भी होते हैं। ऐसे में अगर शनिवार या फिर रविवार को अनाज लदे वाहनों की वजह से जाम लगा तो कांवड़ियों को भी निकलना मुश्किल हो जाएगा। मंडी के सामने ही भोले के श्रृंगार के सामान का बाजार है। जाम लगने पर कांवड़ियों को दिक्कत हुई तो पुलिस की परेशानी बढ़ सकती है।
– मंडी समिति के पास अनाज लदे वाहनों की वजह से हाईवे पर आवाजाही प्रभावित नहीं हो, इसके लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कोई भी वाहन मंडी गेट के आसपास खड़ा नहीं होगा। – मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक

उझानी मंडी में मक्का की आवक बढ़ने पर बरेली-मथुरा हाईवे पर लगा जाम। संवाद