Budaun News: अढौली फाटक पर जाम का झमेला.. लोगों ने बताईं दिक्कतें
– एसडीएम के निर्देश पर राजस्व कर्मियों ने इलाके के लोगों से की बात
– अंडरपास या फिर ओवरब्रिज निर्माण को एसडीएम रेलवे को भेजेंगे रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। अढौली रेल फाटक से ट्रेन निकलने के दौरान जाम के झमेले से परेशान इलाके के लोगों की दिक्कतों पर गौर करने के लिए शनिवार अपराह्न राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने लोगों से बात कर उनके दिक्कतें दर्ज कीं। लोगों ने फाटक पर अंडरपास या फिर ओवरब्रिज के अभाव की परेशानी बयां की।
प्रभारी राजस्व निरीक्षक ओमबाबू, नागेंद्र और मुदित उपाध्याय के साथ छह सदस्यीय राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर मिले लोगों से कई बिंदुओं पर जानकारी की। पालिका के पूर्व सदस्य रामप्रवेश यादव समेत रामलीला नगला और फाटक पार इलाके के लोगों ने बताया कि ट्रेन गुजरते समय जब भी फाटक बंद होता है, दोनों ओर वाहनों की कतार लग जाती है। पिछले दिनों ऐसे ही माहौल में जाम के दौरान एक एंबुलेंस भी फंस गई थी। राजस्व कर्मियों के सामने लोगों ने अंडरपास या फिर ओवरब्रिज का निर्माण कराने को अपना पक्ष रखा।
बताते हैं कि अढौली फाटक पर आवागमन में दिक्कत बताते हुए इलाके के लोगों ने एसडीएम समेत राजस्व विभाग के अफसरों से शिकायत की थी। शिकायत के बाद ही एसडीएम सदर एसपी वर्मा ने हकीकत पर गौर करने के लिए टीम को भेजा है। छह सदस्यीय टीम एसडीएम को अपनी रिपोर्ट सोमवार को सौंप देगी। इसके बाद एसडीएम की ओर से रेलवे के अफसरों को अवगत कराया जाएगा टीम में लेखपाल ओमेंद्र शाक्य, प्रमोद कुमार, लालू यादव, विवेक सक्सेना भी शामिल थे।
–
भारी वाहन मिनी बाइपास से निकालने की सलाह
रेलवे स्टेशन परिसर में ही मालगोदाम पर अनाज की रैक लोड और अनलोड होती हैं। इसके लिए मालगोदाम तक अनाज लदे ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉलियां भी आती हैं। लोगों ने राजस्व कर्मियों के सामने यह भी कहा कि वाहनों को कस्तूरबा बालिका विद्यालय के सामने मिनी बाइपास से वाहनों का आवागमन होना चाहिए। इससे फाटक के आसपास भारी वाहनों की कतार नहीं लगेगी।