Budaun News: ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से कांवड़िये की मौत
अभियासा गांव के नजदीक हुआ हादसा, दो कांवड़ियों को आईं चोटें
संवाद न्यूज एजेंसी
म्याऊं (बदायूं)। अलापुर थाना क्षेत्र में ग्राम अभियासा के नजदीक रविवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से 30 वर्षीय कांवड़िये राहुल की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। तीनों कांवड़िये बाइक से जलाभिषेक करने पटना देवकली शिव मंदिर जा रहे थे।
मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव सिंकदराबाद निवासी राहुल पुत्र रामवीर, अविकाश पुत्र नरेश और अजीत पुत्र राजपाल रविवार रात कछला से जल भरकर बाइक से पटना देवकली शिव मंदिर जा रहे थे। इस दौरान वे हेलमेट नहीं लगाए थे। बाइक अलापुर थाना क्षेत्र में अभियासा गांव के नजदीक पहुंची ही थी कि तभी वह तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे में राहुल और अजीत को ज्यादा चोटें आईं लेकिन अविकाश मामूली रूप से घायल हो गया। जब म्याऊं चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां सड़क पर केवल राहुल और अजीत पड़े थे। अविकाश और बाइक मौके पर नहीं थे। इससे माना जा रहा है कि वह बाइक लेकर मौके से चला गया।
इसके बाद पुलिस दोनों को म्याऊं स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर कर दिया गया। इसी दौरान रास्ते में राहुल की मौत हो गई। चौकी इंचार्ज राजपाल सिंह ने बताया कि अगर हादसे की तुरंत सूचना मिल जाती तो शायद राहुल की जान बच सकती थी। सोमवार को पुलिस ने राहुल के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
बाइक की टक्कर से बालक समेत तीन घायल
म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र में ग्राम अभियासा निवासी 10 वर्षीय अनिकेत पुत्र सूरजपाल कांवड़ियों को देखने आया था। तभी अलापुर की ओर से आ रही बाइक की टक्कर लग गई। बाइक सवार सड़क किनारे खाई में जा गिरे। इससे तीनों लोग घायल हो गए। इसमें अनिकेत की हालत चिंताजनक बनी हुई है। चौकी इंचार्ज राजपाल सिंह ने तीनों को जिला अस्पताल भर्ती करा दिया है। संवाद