Budaun News: भोले के भजनों पर झूमे कांवड़िये, निकालीं झांकियां

कछला से कांवड़ लेकर निकला शिवभक्त।
शिवभक्तों की टोलियों में कलाकारों ने नृत्य कर मचाया धमाल, कछला गंगाघाट पर कांवड़ पूजन के दौरान गूंजे मंत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/ कछला। कांवड़ यात्रा धीरे-धीरे फिर से जोर पकड़ने लगी है। बुधवार सुबह कछला गंगाघाट से निकली टोलियों में शामिल शिवभक्तों ने यात्रा शुरू कर भगवान भोलेनाथ का गुणगान किया। घाट पर ही उन्होंने कांवड़ भी सजाईं। झूमते कांवड़ियों का रास्ते में लोगों ने स्वागत किया।
भगवान भोलेनाथ की आस्था से सराबोर कांवड़ियों ने कछला घाट पर आस्था की डुबकी लगाई। बुधवार तड़के से लेकर देर शाम तक टोलियों के पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। गुलड़िया के कांवड़ियों की टोली ने घाट पर परंपरागत तरीके से कांवड़ पूजन किया। टोली के साथ मौजूद पुरोहित चंद्रपाल ने भक्तों को कांवड़ भरने से लेकर जलाभिषेक तक धार्मिक रीति-रिवाज से अवगत कराया। कहा- डाक कांवड़ को रास्ते में कहीं भी भी नहीं रखा जाना चाहिए। डाक कांवड़ हमेशा ही भक्त के कंधे पर रहनी चाहिए।
इसके अलावा बरेली के कांवड़िये निजी वाहन से घाट की ओर निकले। घाट पर उन्होंने भी पूजन किया। बदायूं के गांधीनगर निवासी शिवभक्त हरीओम ने बताया कि उनकी 25 सदस्यीय टोली सोमवार को शाहजहांपुर जिले के पटना देवकली मंदिर में जलाभिषेक करेगी। हाईवे पर कांवड़ियों की टोलियों में शामिल कलाकारों ने जमकर नृत्य किया। उनके साथ शिवभक्त भी थिरकते नजर आए। डीजे साउंड सिस्टम लगे वाहनों वाली टोलियों को देखने वालों की भीड़ लगी रही।

कछला से कांवड़ लेकर निकला शिवभक्त।