Budaun News: खंभे में उतरा करंट, ब्रेकडाउन से छह घंटे गुल रही बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। उझानी पॉवर स्टेशन से नगर क्षेत्र के बिजली उपकेंद्र को आ रही 33 केवी लाइन गांव रोहान के पास दोपहर बाद एक पोल में अचानक कंरट आने पर मुख्य लाइन में ब्रेकडाउन हो गया। इससे नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे तक ठप रही।
नगर क्षेत्र में कभी फॉल्ट तो कभी रोस्टिंग के नाम पर नगर में रोजाना आठ से लेकर 10 घंटों तक बिजली गुल हो रही है। बिजली कटौती का असर नगरीय क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। यहां बिजली कटने पर कब आएगी बताने वाला कोई नहीं है। बिजली कटौती के बाद लोग कर्मचारियों को फोन करते हैं तो वे फोन नहीं उठाते हैं। इससे सही जानकारी उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाती।
नगर के लोगों का कहना है कि सुबह से रात तक बिजली की आंख-मिचौनी जारी रहती है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर से बिजली कटौती नहीं की जाती है। लाइन फॉल्ट होने पर अथवा विद्युत संबंधी कार्य के चलते मजबूरी में ही कटौती की जाती है। जेई दिनेश कुमार ने बताया कि विभागीय टीम ने लाइन को दुरुस्त कराकर शाम को सप्लाई को सुचारू करा दी।