Budaun News: पाइप लाइन ठीक कराई… तीनों मोहल्लों को पांचवें दिन मिली पेयजल सप्लाई

उझानी में जोड़ी गई पाप लाइन।
पंजाबी कालोनी में पेयजल की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। पंजाबी कालोनी में क्षतिग्रस्त पाइप लाइन पांचवे दिन बुधवार सुबह ठीक करा दी गई। इसी के साथ गंजशहीदा, अयोध्यागंज समेत गद्दीटोला मोहल्ले की पेयजल सप्लाई सुचारु हो गई। चार दिन तक तीनों मोहल्ले के लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा था।
बताते हैं कि पिछले दिनों पंजाबी कालोनी में रसोई गैस पाइप लाइन डाले जाने की वजह से कई स्थानों पर पेयजल के पाइप क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद से महीना में दो-तीन बार पाइप लाइन में लीकेज सामने आ जाती है। इस बार पाइप लाइन क्षतिगस्त होने की वजह से चार दिन तक तीनों मोहल्लों में पेयजल संकट गहराया तो मंगलवार दोपहर गंजशहीदा मोहल्ला निवासी महिलाओं ने पालिका कार्यालय में हंगामा कर दिया था। पालिका कर्मियों से महिलाओं की नोकझोंक भी हुई थी।
क्षतिग्रस्त पाइप लाइन ठीक करने के लिए नगर पालिका परिषद के जलकल प्रभारी नफीस अहमद के नेतृत्व मे मैकेनिक मंगलवार देर रात तक जुटे रहे थे। क्षतिग्रस्त पाइप के टुकड़े को बदले जाने के बाद सप्लाई चेक की गई। इसके बाद बुधवार सुबह तीनों मोहल्लों के लोगों के घरो तक पानी पहुंच गया। जलकल प्रभारी नफीस अहमद ने बताया कि गंजशहीदा में एक स्थान पर पाइप भी चोक हो गया था, उसे भी ठीक करा दिया गया है। इसके अलावा खराब हैंडपंप भी ठीक कराए जा रहे हैं। इसके लिए दो मैकेनिक लगाए गए हैं।
मिल कंपाउंड मे मॉल के सामने हुई लीकेज
– मिल कंपाउंड में एक व्यवसायिक मॉल के सामने पिछले कई दिनों से पेयजल की पाइप लाइन में लीकेज हो रही है। मोहल्ले के सुरेंद्र ने बताया कि सप्लाई शुरू होने पर पानी बहने लगता है। लीकेज हालांकि ज्यादा नहीं है, लेकिन माेहल्ले के लोगों का कहना है कि कभी-कभी भवन निर्माण सामग्री से लदे वाहनों की वजह से किसी पाइप लाइन में लीकेज बढ़ सकती है।