Budaun News: कांवड़िये रवाना, बम-बम भोले की गूंज

कछला से कांवड़ लेकर निकले शिवभक्त। संवाद
कछला घाट पर पूजन कर शुरू की कांवड़ यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/कछला। सावन महीने में जलाभिषेक से पहले सोमवार तड़के तक गंगाघाट पर कांवड़ियों की भीड़ रही। कांवड़ पूजन के बाद टोलियां बम-बम भोले के जयकारे लगाते हुए रवाना हुईं।
रविवार देर रात से सोमवार तड़के तक बरेली-मथुरा हाईवे के रास्ते शिव मंदिरों की ओर निकले कांवड़ियों का रास्ते में सेवादारों ने स्वागत किया। डीजे साउंड सिस्टम लगे वाहनों के पीछे थिरकते कांवड़ियों ने कलाकारों के साथ खूब नृत्य किया। पीलीभीत की डाक कांवड़ के साथ बाइक सवार शिवभक्तों ने अपने साथियों का हौसला बढ़ाया।
इससे पहले गंगाघाट पर टोलियों में शामिल कांवड़ियों ने आस्था की डुबकी लगाई। कांवड़ पूजन कर उन्होंने कांवड़ की आरती भी की। कांवड़ियों की टोलियों की वजह से रात में भी गंगाघाट गुलजार रहा। कासगंज और हाथरस जिले के शिवभक्तों ने भी गंगाघाट से कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। गंगा पार हाईवे पर भी कांवड़ियों की टोलियों की धूम रही।



