Budaun News: कायाकल्प की टीम को महिला अस्पताल में मिलीं खामियां

महिला अस्पताल में बाहर से करा कर लाई अल्ट्रा साउंड दिखाती दंपति। संवाद
बदायूं। महिला अस्पताल के कायाकल्प के लिए मंगलवार को लखनऊ से आई तीन सदस्यीय टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सकीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। वार्डों में जाकर रोगियों से इलाज के बारे में पूछा। खामियां मिलने पर नाराजगी जताते हुए सीएमएस को सुधार के निर्देश दिए।
टीम जांच रिपोर्ट शासन को सौंपेगी। इसके आधार पर ही अस्पताल की ग्रेड तय करके बजट जारी किया जाएगा। टीम को महिला अस्पताल की व्यवस्थाएं पहले से कुछ ठीक मिलीं, लेकिन टीम इससे संतुष्ट नहीं दिखी। कुछेक खामियों पर नाराजगी भी जताई और उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए। टीम में डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. तौकीर नवी और डॉ. पूजा चौहान शामिल रहीं।
टीम निरीक्षण करती रही, अल्ट्रासाउंड को भटकते रहे मरीज
महिला अस्पताल में कायाकल्प की टीम के मंगलवार को निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड के लिए मरीज भटकते रहे। अल्ट्रासाउंड कक्ष के आगे मरीजों की लंबी लाइन लगी थी। कुछ मरीजों को इमरजेंसी दिखाना था तो पांच सौ रुपये खर्च कर बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ा। सीएमएस डॉ. इंदुकांत का कहना है कि कायाकल्प की टीम आई थी। लिहाजा वह टीम के साथ थीं। चूंकि अल्ट्रासाउंड करने का जिम्मा उनके पास ही है, इसलिए कुछ देर काम बाधित रहा था। बाद में सभी मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया गया।
टीम के सामने ही अस्पताल में घूमते रहे दलाल
टीम के साथ कायाकल्प के नोडल डॉ. संदीप वाष्र्णेय समेत सीएमएस भी मौजूद थे, लेकिन इस दौरान भी अस्पताल परिसर में दलाल घूमते नजर आए। दलाल गर्भवतियों को निजी अस्पतालों में ले जाने के लिए उनके परिजनों को बरगलाते भी रहे, लेकिन उन पर किसी ने ध्यान ही नहीं दिया।

महिला अस्पताल में बाहर से करा कर लाई अल्ट्रा साउंड दिखाती दंपति। संवाद

महिला अस्पताल में बाहर से करा कर लाई अल्ट्रा साउंड दिखाती दंपति। संवाद