बदायूं

Budaun News: आइए करें रक्तदान, बचाएं लोगों की जान

Connect News 24

कारगिल विजय दिवस जिला अस्पताल में अमर उजाला फाउंडेशन का रक्तदान शिविर कल

संवाद न्यूज एजेंसी

बदायूं। आपके द्वारा किया गया रक्तदान चार लोगों की जान बचा सकता है। इसी पुण्य कार्य के लिए अमर उजाला फाउंडेशन कारगिल विजय दिवस के मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन करता आ रहा है। इस बार भी शिविर का आयोजन जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में किया जाएगा। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह इसका उद्घाटन करेंगे।

किसी दुर्घटना का शिकार या फिर रक्त संबंधी बीमारी से ग्रसित लोगों को रक्त की जरूरत पड़ती है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक द्वारा ऐसे लोगों को जरूरत पड़ने पर रक्त मुहैया कराया जाता है लेकिन अमर उजाला भी इस पुनीत कार्य में विशेष मौकों पर प्रतिवर्ष अपनी सहभागिता निभाता है। कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कारगिल विजय दिवस पर भी फाउंडेशन द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता रहा है। इस बार भी 26 जुलाई बुधवार को शिविर का आयोजन जिला अस्पताल में सुबह दस बजे से होगा। शिविर का उद्घाटन एसएसपी डॉ. ओपी सिंह द्वारा सुबह साढ़े नौ बजे किया जाएगा। रक्तदान करने वाले लोगों को अमर उजाला द्वारा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

रक्तदान से नहीं आती कमजोरी

– तमाम लोगों में भ्रांति है कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है, लेकिन ऐसा नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती बल्कि शरीर में रेड ब्लड सेल्स की निर्माण प्रक्रिया और तेज हो जाती है। नियमित रक्तदान करने वालों को उच्च रक्तचाप व दिल की बीमारी होने का खतरा भी काफी कम हो जाता है।

चार लोगों के काम आ सकता है एक व्यक्ति का रक्तदान

– हर व्यक्ति के रक्त में चार अवयव होते हैं। इनमें रेड ब्लड सेल (आरबीसी), प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायोप्रेसीपिटेट शामिल हैं। किसी व्यक्ति को यदि एक अवयव की जरूरत होती है तो उसे पृथक करके दिया जा सकता है। ऐसे में एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान चार जरूरतमंदों के प्रयोग में आ सकता है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button