Budaun News: पड़ोसी की जमीन गिरवी रख बैंक से लिया लोन, तीन के खिलाफ रिपोर्ट
बदायूं। पड़ोसी की जमीन के कागज लगाकर एक शातिर ने बैंक से तीन लाख का लोन ले लिया। जब पड़ोसी इंतखाब निकलवाने तहसील पहुंचे तो उन्हें अपनी जमीन गिरवी रखे जाने की जानकारी मिली। बैंक में पूछताछ करने पर उन्हें लोन लिए जाने की जानकारी मिली। उन्होंने दंपती समेत तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव थल्लिया नगला का है। यहां के रब्बे अली पुत्र महबुल्ला खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनके पिता महबुल्ला ने वर्ष 1997 में अल्लन की पत्नी चमेली से गाटा संख्या 144 का संपूर्ण भाग का बैनामा कराया था। उनकी दाखिल खारिज भी हो गई और उनका कब्जा भी चला आ रहा है। पिता की मृत्यु के बाद उसके व भाई हैदर अली और फकरे के नाम जमीन चली आ रही है। कुछ दिन पहले वह अपना केसीसी बनवाने के लिए इंतखाब निकलवाने के लिए तहसील गए थे। तब उन्हें पता चला कि उनकी जमीन बंधक कर दी गई है। उस पर लोन निकाल लिया गया है। वह इसकी छानबीन करने प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक गुलड़िया पहुंचे। वहां पता चला कि गांव के ही अल्लन, उसकी पत्नी चमेली और बेटा अहमद मियां ने फर्जीबाड़ा करते हुए उनकी जमीन के इंतखाब आदि निकलवाकर बैंक से लोन लिया है। रब्बे अली का कहना है कि उसके गांव का अल्लन शातिर बदमाश है। उसका एक बेटा पप्पू हत्या की कोशिश के मामले में नामजद है। उन पर कई मुकदमे भी चल रहे हैं। संवाद