Budaun News: खेत में चर रही घोड़ी को भाला घोंपकर मार डाला
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 05 Aug 2023 02:44 AM IST
कुंवरगांव (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव दरावनगर में खेत में चर रही घोड़ी की भाला घोंपकर मार दिया। घोड़ी मालिक ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। इस पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
शुक्रवार शाम ग्राम दरावनगर निवासी सोहनपाल की घोड़ी खेतिहार इलाके में चर रही थी। पास में ही अहरुईया गांव है। सोहनपाल का आरोप है कि अहरुईया गांव का एक व्यक्ति भाला लेकर आया और फसल चरने का आरोप लगाते हुए उसकी घोड़ी पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। खून से लथपथ घोड़ी सड़क पर आकर गिर गई।
कुछ ही देर में उसने तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी भाग गया। बाद में सोहनपाल ने थाने आकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम ने बताया कि घोड़ी की हत्या के आरोप में तहरीर आई है। उस पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।