Budaun News: जिलाबदर की ये कैसी निगरानी पुलिस ने आरोपी से हार मानी
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 05 Aug 2023 02:45 AM IST
बिसौली। जिलाबदर आरोपी एक छात्रा को बार-बार परेशान कर रहा है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि आरोपी जिलाबदर होने के बाद भी गांव में खुलेआम रह रहा है, लेकिन पुलिस को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ रहा। तीन दिन पूर्व दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद भी थाना पुलिस ने अभी कोई सुध नहीं ली है। लोग सवाल कर रहे हैं कि जिलाबदर की ये कैसी निगरानी की जा रही है।
बिसौली कस्बे के एक व्यक्ति ने एसएसपी से शिकायत की थी कि आरोपी फैजान उनकी बेटी को परेशान कर रहा है। पूर्व में उन्होंने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसे जेल भी भेज दिया था, लेकिन जमानत पर आने के बाद उसने फिर से परेशान कराना शुरू कर दियाथा। पुलिस ने डीएम के आदेश पर जिलाबदर भी कराया था, लेकिन वह खुलेआम गांव में ही रह रहा है और आए दिन बेटी के साथ छेड़छाड़ करता रहा है।
डर की वजह से बेटी ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया। वह 12वीं कक्षा की छात्रा है। एसएसपी के आदेश पर थाना बिसौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कर्तव्य की इतिश्री कर ली। जिला बदर आरोपी की पूरी निगरानी बीट के सिपाहियों की होती है, लेकिन जिला बदर होने के बाद गांव में रहना बीट के सिपाहियों की सक्रियता पर बड़ा सवाल उठाता है। आरोपी के हौसले को देखकर लग रहा है कि पुलिस ने ही उससे हार मान ली है।