Budaun News: उदयपुर गांव में बदमाशों ने चार घरों में की लूटपाट
सैदपुर। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव उदयपुर में बुधवार की रात छह बदमाशों ने गृहस्वामियों को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर कई लोगों को असलहा की बट और लोहे की रॉड से पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची इसके बाद भी बदमाशों ने एक और घर को निशाना बना लिया।
बुधवार की रात साढ़े 11 बजे असलहाधारी बदमाशों ने गांव निवासी साजिद नबी के घर को निशाना बनाया। बदमाशों ने उसकी पत्नी परवीन बेगम के कानों के कुंडल खींचे तो विरोध करने पर लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की। साजिद नबी ने एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो उसके अन्य साथियों ने उसको बंधक बनाकर पीटा। बदमाश यहां से 21 हजार रुपये की नकदी और जेवरात ले गए। घटना की सूचना यूपी 112 पर दी गई। कुछ ही देर में यूपी 112 पीआरवी मौके पर पहुंची और पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी ली। पुलिस गांव मेंं मौजूद थी, इसके बाद भी बदमाशों ने विजेंद्र पाल के घर से कपड़ा और एक अंगूठी लूट ली।
गांव के ही सुमेश वाल्मीकि के घर पर धावा बोलकर उसके परिजनों को बंधक बनाकर पीटा। सुमेश ने शोर मचाने का प्रयास किया तो उसके मुंह पर टेप लगाकर उसके हाथ बांध दिए। बाद में बदमाशों ने हसन अली खान के घर से चार हजार की नकदी लूट ली। बृहस्पतिवार को साजिद नबी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। इस संबंध में एसएचओ धनंजय पांडेय ने बताया कि परीक्षा में उनकी ड्यूटी जिला मुख्यालय पर लगी है। थाने पहुंचकर मामले की जानकारी करेंगे।