Budaun News: गन्ना सेंटरों पर ऑफलाइन तौल और घटतौली, चार फीसदी तक हो रही कटौती

ग्राम वेला रायपुर का गन्ना सेंटर। संवाद
बदायूं। जिले में गन्ना क्रय केंद्रों पर अभी तौल ठीक से शुरू भी नहीं हो पाई है कि घटतौली की शिकायतें आने लगी हैं। कई सेंटरों पर ऑफलाइन तौल कराई जा रही है। इससे गन्ना किसान परेशान हैं। किसानों का कहना है कि ऑनलाइन तौल में केवल एक फीसदी कटौती होती है लेकिन ऑफलाइन में चार फीसदी की कटौती कर दी जाती है। ऑनलाइन तौल के लिए कहने पर या तो सिस्टम ठप कर दिया जाता है या फिर किसानों को गन्ने की गुणवत्ता खराब बताकर लौटा दिया जाता है।
शासन ने सभी सेंटरों पर ऑनलाइन तौल के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद कई सेंटरों पर ऑफलाइन तौल होने की शिकायत आ रहीं हैं। ऑफलाइन तौल होने पर मंगलवार को आमगांव गन्ना सेंटर पर किसानों ने हंगामा भी किया। उन्हें अपना गन्ना तुलवाने के लिए पुलिस को भी बुलाना पड़ा। किसानों का कहना है कि जब वह ऑनलाइन तौल कराते हैं कि तो कंप्यूराइज सिस्टम में स्वत: एक फीसदी की कटौती हो जाती है। इससे किसानों को ज्यादा नुकसान नहीं होता है। उन्हें लाइन में भी नहीं लगना पड़ता है।
सेंटरों पर जबरन ऑफलाइन तौलकर चार फीसदी की कटौती की जा रही है। ऑफलाइन गन्ना तौल न कराने पर या तो गन्ने की गुणवत्ता खराब बता दी है या फिर सिस्टम ही ठप कर दिया जाता है। आमगांव गन्ना सेंटर पर मंगलवार को कई ट्रॉलियां वापस कर दी गईं। गन्ना सेंटर इंचार्जों की मनमानी के चलते क्षेत्रीय किसान काफी परेशान हैं।
गन्ना सेंटरों पर तैनात नहीं हैं केन चेकर
गन्ना की गुणवत्ता की जांच के लिए हर सेंटर पर केन चेकर तैनात होने चाहिए, ताकि किसानों को गन्ना की गुणवत्ता का पता चल सके। किसानों को उसके अनुसार दाम मिल सकें लेकिन अधिकतर सेंटरों पर केन चेकर ही नहीं हैं। वहां सेंटर इंचार्ज ही गन्ना की गुणवत्ता बता रहे हैं। किसानों का आरोप है कि सेंटर इंचार्ज गुणवत्ता चेक नहीं कर सकते।
– इस समय गन्ना सेंटरों पर मनमानी चल रही है। अपने हिसाब से गन्ना की तौल कराई जा रही है। जो किसान उनके अनुसार गन्ना की तौल नहीं करा रहे हैं। उनका गन्ना वापस कर दिया जाता है। इससे किसान काफी परेशान हैं। – बंगाली सिंह, आमगांव
– नियम के अनुसार गन्ना की तौल ऑनलाइन होनी चाहिए लेकिन सेंटर इंचार्ज कोई न कोई बहाना करके गन्ना ऑफलाइन तौल रहे हैं। इसके लिए कभी-कभी मशीन को भी खराब कर देते हैं या फिर गन्ना ही खराब बता देते हैं। – अतुल कुमार, आमगांव
– गन्ना सेंटर पर एक केन चेकर होना चाहिए लेकिन यहां कोई नहीं है। बिना गन्ना चेकर के ही गुणवत्ता खराब बता दी जाती है। सेंटर इंचार्ज का कोई अधिकार नहीं है कि गन्ना की गुणवत्ता चेक करे। यह तो किसानों के साथ धोखा है। – कृष्ण सिंह, लखनपुर
– सोमवार को गन्ना सेंटर पर हम अपना गन्ना तौल कराने पहुंचे थे। जब हमने ऑफलाइन गन्ना तौल कराने से मना कर दिया तो हमारा गन्ना वापस कर दिया गया। मंगलवार को भी हमारा गन्ना नहीं तौला तो हमने पुलिस को बुला लिया था। – गगन पटेल, आमगांव
हमारे सभी सेंटर ऑनलाइन चल रहे हैं। हमने और बरेली की टीम ने भी जिले में निरीक्षण किया लेकिन कहीं भी कोई सेंटर ऑफलाइन चलता नहीं मिला। अगर कहीं ऑफलाइन चल रहा है कि तो उस पर कार्रवाई कराई जाएगी। – हेमराज सिंह, जिला गन्ना अधिकारी

ग्राम वेला रायपुर का गन्ना सेंटर। संवाद

ग्राम वेला रायपुर का गन्ना सेंटर। संवाद

ग्राम वेला रायपुर का गन्ना सेंटर। संवाद

ग्राम वेला रायपुर का गन्ना सेंटर। संवाद

ग्राम वेला रायपुर का गन्ना सेंटर। संवाद