Budaun News: ‘पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी और उनका अधिकार’

एसडीएम को ज्ञापन देते वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव यादव व अन्य। स्वयं
पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच के बैनर तले कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपे
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच ने प्रांतीय आह्वान पर एक दिवसीय प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन को बुढ़ापे की लाठी बताया।
आंबेडकर पार्क में बृहस्पतिवार को हुए प्रदर्शन में मंच के सभी घटकों के पदाधिकारियों व सदस्यों ने भाग लिया। सिंचाई संघ के अध्यक्ष रामप्रकाश राठौर ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी और उनका अधिकार है। अत: इसे बहाल किया जाना चाहिए।
उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष प्रेम आनंद शर्मा ने कहा कि पुरानी व गारंटीकृत पेंशन कर्मचारियों को दी जानी चाहिए। मंच के वरिष्ठ उपाध्यक्ष गौरव यादव ने भी कर्मचारियों के कंधे से कंधा मिलाकर चलने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के बाद मंच के पदाधिकारियों ने एसडीएम सदर एसपी वर्मा को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर भूप सिंह, राजीव कुमार, भारत सिंह, अजय कुमार, राजवीर सिंह, रामऔतार गंगवार, फरहत हुसैन, कुसुम पाल सिंह, राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।
अध्यक्षता राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष रवि कुमार ने तथा संचालन जिला मंत्री सरोज यादव ने किया।