Budaun News: ट्रेन की चपेट में आने से वृद्धा की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Mon, 31 Jul 2023 02:25 AM IST

कछला में रेलवे लाइन के पास महिला का शव देखते पुलिस कर्मी और संत।
उझानी/कछला (बदायूं)। कछला रेलवे स्टेशन पर रविवार को बुजुर्ग जयदेवी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की बेटी ने लोगों के जरिये शव उठाने के लिए पुलिस को सूचना भेजी तो पुलिस ने जीआरपी के अधिकार क्षेत्र बताते हुए शव उठाने से इन्कार कर दिया। जीआरपी ने भी यही दोहराया तो चौकी पुलिस को ही करीब तीन घंटे बाद शव उठाना पड़ा।
जयदेवी उर्फ जमुना (62) पत्नी प्रेमपाल कई साल से बेबा बेटी अवलेश के साथ गंगाघाट पार वार्ड नंबर- तीन स्थित दहेमी वालों के आश्रम में रहती थीं। अवलेश के मुताबिक- रविवार को बरेली जिले में बल्लिया में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों को जाना था। इसलिए मां-बेटी रेलवे स्टेशन पर पहुंच गईं। लाइन पार कर प्लेटफार्म की ओर जाते समय जयदेवी कासगंज-बरेली पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
किसी ने अवलेश से जानकारी कर पुलिस को फोन कर दिया। कछला चौकी इंचार्ज दिनेश तिवारी ने शव अपने अधिकार क्षेत्र में होने से इन्कार कर जीआरपी को अवगत करा दिया। स्टेशन पर मौजूद जीआरपी के कर्मी ने चौकी पुलिस की जिम्मेदारी ठहरा दी। करीब तीन घंटे तक मृतका का शव प्लेटफार्म के पास ही पड़ा रहा। बेटी अवलेश शव के पास बिलखती रही। उसकी गुहार पर अपराह्न चौकी पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने का भेज दिया है।