Budaun News: एक बार फिर भाजपा का भरोसा राजीव पर, दोबारा बने जिलाध्यक्ष

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता।
साल 2006 से 2017 तक दातागंज नगर पालिका के रह चुके हैं अध्यक्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। भाजपा ने एक बार फिर राजीव गुप्ता को जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी है। वह साल 2006 से 2017 तक लगातार दो बार दातागंज नगर पालिका के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके दोबारा जिलाध्यक्ष बनने से कार्यकर्ताओं में हर्ष है।
दातागंज निवासी राजीव गुप्ता ने छह सितंबर 2021 को जिलाध्यक्ष का पद संभाला था। उनकी छवि हमेशा एक सुलझे और ईमानदार नेता की रही। दातागंज में पालिकाध्यक्ष के अपने दो बार के कार्यकाल में भी उन्होंने कई काम कराए, जिससे दातागंज जैसे पिछड़े इलाके में काफी विकास हुआ और उसे आदर्श नगर पालिका का दर्जा मिला।
स्वच्छ और बेदाग छवि के कारण ही पार्टी नेतृत्व ने राजीव को एक बार फिर जिलाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी है। पार्टी पदाधिकारियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, हरिओम पाराशरी, एमपी सिंह राजपूत, भगवान सिंह मौर्य, शैलेंद्र मोहन शर्मा, आशीष शाक्य, अमित सिंह, गोविंद पाठक, जितेंद्र सोनकर, अनुभव उपाध्याय आदि इस दौरान मौजूद रहे।
बिल्सी। पालिकाध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर के पति एवं पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश सागर ने राजीव गुप्ता को पुन: जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर नगर पालिका परिषद में मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस मौके पर गगन राठी, आदित्य माहेश्वरी, विवेक राठी, उमेश बाबू, सूर्यप्रकाश देवल, हरपाल सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
–
राजीव गुप्ता का राजनीतिक सफर
राजीव गुप्ता शुरू से ही आरएसएस से जुड़े रहे और युवावस्था में भारतीय जनता युवा मोर्चा के दातागंज नगर अध्यक्ष बनाए गए। इसके बाद भाजपा के दातागंज नगर अध्यक्ष के रूप में पार्टी से जुड़े। दो बार जिला कार्यसमिति के सदस्य व स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रहे। पार्टी के जिला उपाध्यक्ष समेत ब्रज क्षेत्र के आर्थिक प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक व क्षेत्रीय मंत्री पद की भी जिम्मेदारी संभाली। अब दूसरी बार पार्टी ने उन्हें जिलाध्यक्ष बनाया है।
–
संगठन को आगे बढ़ाना प्राथमिकता : राजीव
बदायूं। नव मनोनीत जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि पार्टी ने उन पर दोबारा जो भरोसा जताया है, वह वास्तव में जिले के सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान है। पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है उसका वह पूरी ईमानदारी से निर्वहन करते हुए पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को आगे बढ़ाना ही उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए जो भी कदम जरूरी होंगे वह उठाए जाएंगे।