बदायूं
Budaun News: एक अक्तूबर से प्रारंभ होगी धान खरीद
बदायूं। डीएम मनोज कुमार ने कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विभिन्न विभागों की बैठक की। डीएम ने बताया कि धान खरीद एक अक्तूबर से सभी केंद्रों पर प्रारंभ होगी। उन्होंने खाद्य व विपणन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी क्रय केंद्र 25 सितंबर तक शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थित ढंग से तैयार किए जाएं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की अंतर विभागीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने कहा कि जन्म-मृत्यु का शत-प्रतिशत पंजीयन होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्राइवेट अस्पतालों में भी जो भी जन्म व मृत्यु होता है, उसका भी शत-प्रतिशत पंजीकरण होना चाहिए। इस मौके पर एडीएम एफआर आरके पटेल भी मौजूद रहे। संवाद