Budaun News: बिजली कटौती से जनता बेहाल, बिनावर में प्रदर्शन

बिनावर विद्युत उप केंद्र पर धरना देते भकियू के कार्यकर्ता। संवाद
बदायूं। बिजली कटौती से लोगों का बुरा हाल है। ग्रामीण इलाकों में दिन और रात में कटौती की जा रही है। किसानों की फसलें भी सूखने के कगार पर हैं। बिनावर में बिजली कटौती से गुस्साई भाकियू ने पंचायत के बाद प्रदर्शन किया और आंदोलन की चेतावनी दी।
पिछले आठ-दस दिन से कुछ ज्यादा ही बिजली कटौती हो रही है। शहर में सुबह से लेकर रात तक करीब चार-पांच घंटे की कटौती हो रही है। वहीं ग्रामीण इलाकों में ज्यादा परेशानी हो रही है। रात को करीब नौ बजे से लेकर 11 बजे तक कटौती कर दी जाती है। फिर रात 12 बजे से कभी दो बजे तक तो कभी चार बजे तक आपूर्ति नहीं दी जाती।
रातभर लोगों को गर्मी में परेशान रहना पड़ रहा है। सुबह छह बजे से लेकर नौ बजे तक बिजली गायब रहती है। फिर दो घंटे आपूर्ति देने के बाद दोपहर में बिजली कटौती कर दी जाती है। शहर के नजदीकी इलाकों में केवल 10-12 घंटे ही आपूर्ति मिल रही है। दूर दराज के ग्रामीण इलाकों में बेहिसाब कटौती की जा रही है।
बिनावर। बिजली कटौती से गुस्साए भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इससे पहले आयोजित पंचायत में जिला महासचिव सुरेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि बिजली आपूर्ति शासन के वादे के मुताबिक नहीं मिल रही है। ओवरलोडिंग और जर्जर बिजली लाइन ठीक न होने से किसानों की धान की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों के धरने की जानकारी होने पर एक्सईएन द्वितीय आरएन वर्मा वहां पहुंचे। किसानों ने उन्हें ज्ञापन देकर समस्या के निदान की मांग की। पप्पू सैफी, अर्जुन सिंह, अजयपाल सिंह, धीरेंद्र सिंह, साबिर हुसैन, नेत्रपाल, प्रेमपाल, नन्हेलाल आदि मौजूद रहे।
कुंवरगांव में ट्रिपिंग और कटौती की समस्या
कुंवरगांव। कुंवरगांव की बिजली व्यवस्था नहीं सुधर रही है। रविवार शाम चार बजे से नौ गांव की बिजली गुल कर दी गई थी। देर रात तक ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पर हंगामा करते रहे। तब कहीं देर रात आपूर्ति शुरू की गई। इसके बावजूद बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है लेकिन कोई सुधार नहीं आया है। संवाद
फोटो
अधीक्षण अभियंता से मिले मुड़सेना के ग्रामीण
सोमवार को मुड़सेना गांव के तमाम लोग अधीक्षण अभियंता से आकर मिले। उन्होंने बताया कि गांव में लगातार बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। उनकी धान की फसल खराब होती जा रही है। फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। अधीक्षण अभियंता अखिलेश कुमार ने जल्द बिजली व्यवस्था सुधरने का आश्वासन दिया है। इस दौरान गांव के मुनेंद्र कनौजिया, हीरेंद्र यादव, शीशपाल यादव, जितेंद्र यादव, नंदराम मौर्य, प्रताप मौर्य, राजू कनौजिया मौजूद रहे। संवाद