Budaun News: घाट पर गूंजे जयकारे, हाईवे पर भजनों की धूम

उझानी से निकली कांवड़ियों की टोली। संवाद
कांवड़ यात्रा में पैदल शिवभक्तों की टोलियों की संख्या में इजाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/कछला। सावन में भोले के भक्तों का कछला गंगाघाट पर उमड़ने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को पूरे दिन भजनों की धुन पर थिरकती शिवभक्तों की कई टोलियां निकलीं। इस दौरान गंगाघाट पर बम-बम भोले के जयकारों की गूंज रही।
कछला गंगाघाट पर शिवभक्तों ने आस्था की डुबकी लगाकर सबसे पहले भगवान सूर्यदेव का अर्घ्य दिया, फिर जलाभिषेक के लिए जल भरा। पुरोहितों से कांवड़ का पूजन कराकर शिवालयों की ओर निकले कांवड़िये अपनी-अपनी टोली में शामिल कलाकारों के साथ थिरकते नजर आए।
कलाकारों ने भोले के भजनों पर मनमोहक नृत्य किया। कुछ टोलियों के साथ डीजे सिस्टम भी था। इस बृहस्पतिवार को अन्य दिनों के मुकाबले कांवड़ियों की टोलियों की संख्या अधिक दिखी। बदायूं शिवपुरम निवासी शिवभक्तों में शामिल हरीओम ने बताया कि उनकी टोली शाहजहांपुर जिले के पटना देवकली स्थित भोलेनाथ के मंदिर में जलाभिषेक करेगी।
दूसरी तरफ, गंगा पार के जिलों कासगंज, हाथरस और आगरा के लिए भी कछला से कांवड़ियों की टोलियां निकलीं। कासगंज जिले में सोरों की टोली में शामिल कलाकारों ने गंगाघाट पर धार्मिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
–
आज और कल कई स्थानों पर होंगे भंडारे
सावन महीने के सातवें सोमवार से पहले रविवार और शनिवार को भंडारों के आयोजन के लिए कछला से लेकर बदायूं तक एक दर्जन स्थानों पर अनुमति मांगी गई है। मंडी मोड़, घंटाघर चौराहा, जजपुरा मंदिर के पास और बदायूं बाइपास मोड पर कांवड़ियों की सेवा में शनिवार शाम को भी भंडारा होगा।