Budaun News: आढ़ती के गोदाम में गरीबों का चावल, एफआईआर
बदायूं। शहर में चार माह पहले एक आढ़ती के गोदाम से पकड़ा 331 बोरी चावल खाद्य विभाग की जांच में सरकारी राशन का निकला है। पूर्ति विभाग ने डीएम के आदेश पर आढ़ती के गोदाम में सील कर चावल कब्जे में ले लिया। पूरा चावल एक राशन विक्रेता को सुपुर्द कर दिया गया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रजनीश उपाध्याय ने आढ़ती रतनप्रकाश गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
यह मामला 25 मई, 2023 का है। रात में पूर्ति विभाग के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि लोटनपुरा तिराहे पर स्थित आशीष ट्रेडिंग कंपनी से एक ट्रक में राशन का चावल लादा जा रहा है। विभागीय टीम ने मौके पर जाकर ट्रक को घेर लिया था। ट्रक में चावल की 188 बोरियां लादी जा चुकी थीं। बाकी गोदाम में थीं। पूर्ति विभाग के अनुसार यह ट्रेडिंग कंपनी शहर के आढ़ती रतन प्रकाश गुप्ता की है।
गल्ला मंडी में वह अपनी आढ़त चलाते हैं, लेकिन लोटनपुरा तिराहे पर उनका गोदाम बना हुआ है। राशन का चावल इसी गोदाम में भरा जाता था और रात में दूसरे स्थानों पर भेज दिया जाता था। पूर्ति विभाग के अधिकारियों की सूचना पर खाद्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने मौके पर मिलीं पांच बोरियों का वजन कराया। उनका वजन करीब 63 किलो से 65 किलो के बीच पाया गया। साथ ही खाद्य विभाग की टीम ने चावल के दो नमूने लिए थे। उन्हें जांच के लिए लखनऊ लैब भेज दिया गया था। उस दौरान पूरा चावल ट्रक से उतरवाकर आढ़ती के गोदाम में ही सील करा दिया गया था।
बताते हैं कि लखनऊ भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट आ गई है। उसमें आढ़ती के यहां से पकड़ा गया चावल सरकारी राशन का बताया गया। इस रिपोर्ट के आधार पर पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने डीएम मनोज कुमार के आदेश पर सोमवार को गोदाम पहुंचकर चावल कब्जे में ले लिया और उसे एक राशन विक्रेता के हवाले कर दिया गया। मंगलवार रात क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रजनीश उपाध्याय ने आढ़ती रतन प्रकाश गुप्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर माना जा रहा है कि आढ़ती सरकारी राशन के चावल की खरीदफरोक्त करता था।
आढ़ती ने दिया था बयान- लखीमपुर खीरी से खरीदता है चावल
जब पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने आढ़ती रतन प्रकाश गुप्ता के गोदाम पर छापा मारा था। तब आढ़ती ने अपने पक्ष में बयान दिया था, उसका कहना था कि वह यह चावल लखीमपुर खीरी जिले से खरीदता है और इसका व्यापार करता है, लेकिन खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट में उसकी चोरी पकड़ी गई। वह लखीमपुर खीरी नहीं, बल्कि कोटेदारों या अन्य सूत्र से राशन का चावल खरीद रहा था।
वर्जन
पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने चार माह पहले लोटनपुरा तिराहे पर आढ़ती रतन प्रकाश गुप्ता के गोदाम यानी उसकी ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा था। तब यह चावल पकड़ा था। टीम ने सैंपल लेकर जांच को भेज दिया था। अब उसकी रिपोर्ट आ गई है, जिसमें बरामद चावल सरकारी राशन की दुकान का निकला है। आढ़ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी गई है। -रजनीश उपाध्याय, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी



