Budaun News: अभी तो जिले की हवा है साफ… बस दिवाली पर सजग रहें आप
बदायूं। प्रदेश के कई जिलों में एक्यूआई काफी बढ़ गया है। कई जगहों पर तो यह 300 के पार हो गया है। पिछले अक्तूबर की बात करें तो त्योहारी सीजन में एक्यूआई ओवरऑल 152.4 रहा था, जो इस बार 110.2 रहा। शुक्रवार को यह 133 रिकॉर्ड किया गया है, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। पटाखों के धुएं समेत कूड़ा, पराली आदि जलाने से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) काफी बढ़ जाता है, जो स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डालता है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार अक्तूबर में एक्यूआई काफी बेहतर रहा है। मौसम विज्ञानियों के अुनसार, एक्यूआई 0-50 आदर्श माना जाता है। 51-100 के बीच संतोषजनक होता है। 200 के पार होने पर लोगों को सांस लेने में मामूली परेशानी देखी जाती है। फेफड़े, अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को दिक्कत बढ़ जाती है।
हेमवती नंदन बहुगुणा यूनिवर्सिटी के भौतिकी विभाग में सहायक प्रोफेसर और मौसम विशेषज्ञ डॉ. आलोक सागर गौतम बताते हैं कि जिले में कृषि, पशुपालन और बागवानी ज्यादा होती है, साथ ही फैक्टरी कम हैं। इसकी वजह से यहां पर एक्यूआई संतोषजनक रहता है। हालांकि त्योहारी सीजन में यह बढ़ जाता है। ऐसे में इस बार 200 से ज्यादा एक्यूआई हो सकता है। ऐसे में सभी को सजग रहना होगा।
बदलने लगा मौसम, सुुबह-शाम होने लगी ठंड
नवंबर की शुरुआत में अब मौसम का रुख बदलने लगा है। दोपहर के समय जहां लोग सामान्य कपड़ों से काम चला रहे हैं वहीं सुबह और शाम को ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह के समय धुंध भी छाने लगी है। हालांकि दोपहर में अभी लोग गर्म कपड़े नहीं पहन रहे हैं लेकिन सुबह और रात के समय बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। आने वाले दिनों में तापमान और आर्द्रता में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे एक्यूआई में भी वृद्धि की आशंका है। जिले की हवा जहरीली न हो इसके लिए दिवाली पर सभी को सजग रहना होगा।
क्या है एक्यूआई
– वायु गुणवत्ता सूचकांक या एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) वायू में प्रदूषण के बारे में जानकारी देता है। इसको मापने के लिए विशिष्ट प्रदूषकों के स्तर को मॉनिटरिंग स्टेशनों द्वारा जांचा जाता है। प्रत्येक प्रदूषण के स्तर को उनके मानों के साथ मिलाकर एक एकल संख्या प्राप्त की जाती है। जिसे एक्यूआई कहते हैं। यदि यह 101 से 200 तक रहता है तो माना जाता है कि हवा की गुणवत्ता बिगड़ रही है। इसके अलावा 201 से 300 तक हवा की गुणवत्ता खराब और 301 से 400 तक एक्यूआई में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब मानी जाती है। 401 से 500 में यह स्थिति गंभीर हो जाती है।