Pilibhit News: छात्रा की मौत की गुत्थी नहीं सुलझा पा रही पूरनपुर पुलिस
एक नवंबर को झांसी के होटल में लटका मिला था छात्रा का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। झांसी के होटल में मिले छात्रा के शव के मामले में पुलिस को अब तक न आरोपी मिला है न ही आत्महत्या की वजह पता चल पा रही है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल की सीडीआर निकलवाएगी। झांसी के जिस होटल में छात्रा का शव लटका मिला। उस होटल में कैमरे तक नहीं लगे मिले। छात्रा के कमरे में सुसाइड नोट मिलने की बात कही जा रही है लेकिन पूरनपुर पुलिस इस मामले में कोई जानकारी न होने की बात कह रही है। छात्रा के पिता का आरोप है कि उसकी पुत्री की हत्या की गई है। छात्रा का शव शनिवार को घर पहुंचने पर उसके परिवार में कोहराम मच गया।
गांव सिरसा निवासी कालीचरन की पुत्री सोनी (17) नगर के एक इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। सोनी 31 अक्तूबर को सुबह सात बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। मगर कॉलेज नहीं पहुंची। कालीचरन ने पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड के सिडकुल निवासी विशाल पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
एक नवंबर की शाम को सोनी का शव झांसी के एक होटल के कमरे में लटका मिला। झांसी पुलिस ने पूरनपुर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सोनी के कमरे से एक नवंबर का आगरा कैंट से झांसी तक का टिकट भी मिला। पुलिस सोनी की झांसी तक अकेले पहुंचना मान रही है।
इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार ने बताया कि सोनी को बहलाफुसला कर ले जाने की रिपोर्ट विशाल के खिलाफ दर्ज कराई गई है। विशाल के मोबाइल की सीडीआर निकलवाई जाएगी। ताकि विशाल सोनी के साथ झांसी तक गया या नहीं इसका खुलासा हो सके।
उन्होंने बताया कि सोनी के पास से मिले सुसाइड नोट और उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की भी झांसी पुलिस से जानकारी की जाएगी। उन्होंने बताया सोनी के पास एक भी रुपया न होने की भी जानकारी झांसी पुलिस से मिली है।
उधर, सोनी के पिता का आरोप है कि उसकी पुत्री की हत्या की गई है। उसके पहुंचने से पहले ही झांसी पुलिस ने होटल से शव हटा दिया था। बहरहाल अभी तक यह पता नहीं चल सका कि आखिर वह क्या वजह थी कि सोनी को आत्महत्या करनी पड़ी। पूरनपुर पुलिस तो अब तक छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट तक पता नहीं कर सकी है।