Budaun News: जून में चढ़ते पारे ने सड़कों पर सन्नाटा बढ़ाया

तेज धूप से बचने को चेहरे को कपड़े से ढककर जातीं महिलाएं। संवाद
– दिन में तेज धूप होने से घरों से निकलने में कतरा रहे लोग, ठंडे पेयजल की डिमांड बढ़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जून में गर्मी की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को तेज धूप के बीच चल रही गर्म हवाओं से लोगों का घर से बाहर निकलना दुश्वार हो गया। दिन के दस बजते-बजते पूरी तरह से सड़कों पर वीरानगी सी छा जाती है। ऐसे में ठंडे पेयजलों की डिमांड बढ़ने लगी है।
वैसे मई में भी तापमान में एकदम काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। फिर अचानक आए मौसम में बदलाव से लोगों को काफी राहत मिली थी। बीते तीन दिनों पर गौर करें तो तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। एक जून को जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री था, जो लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सूरज की तपन लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। आलम यह है कि दोपहर को धूप इतनी तेज हो जाती है कि लोग घरों से बाहर निकलने में कतराने लगे हैं। तेज धूप व गर्म हवा के चलते बाजार, मोहल्लों और गलियों में सन्नाटा पसरा रहता है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अपने घर व दुकानों में कूलर, पंखा व एसी चला रहे हैं। वहीं शाम के समय धूप कम होने के बाद सड़कों पर लोगों की चहल पहल दिखाई देती है। मौसम विज्ञानी आलोक सागर गौतम ने अनुसार इस सप्ताह में गर्मी काफी ज्यादा बढ़ेगी। तापमान बढ़कर अधिकतम 47 डिग्री के पार जा सकता है।
एक सप्ताह का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
दिन अधिकतम न्यूनतम
28 मई 39.4 28.2
29 मई 39.5 29.4
30 मई 38.8 30.0
31 मई 37.4 30.4
01 जून 39.6 28.2
02 जून 39.2 28.0
03 जून 40.0 29.6