Budaun News: वजीरगंज में बोर्ड की बैठक में सफाई कर्मियों ने किया हंगामा

वजीरगंज नगर पंचायत कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी। संवाद
नगर के विकास को लेकर हुई चर्चा, करोड़ों के प्रस्ताव हुए पारित
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में बुधवार को बिसौली में पालिका बोर्ड की बैठक हुई, वहीं वजीरगंज, अलापुर और उसावां में पंचायत की पहली बैठक का आयोजन किया गया। इसमें वजीरगंज में पंचायत बोर्ड की बैठक में पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। हालांकि इस दौरान कई प्रस्तावों पर सदस्यों की सहमति बनी और उन प्रस्तावों को पास कर दिया गया।
वजीरगंज। नगर पंचायत बोर्ड की पहली ही बैठक में सफाई का मुद्दा उठाया गया। इसमें सफाई नायक राजीव कुमार को सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद करने के लिए निर्देशित किया, साथ ही कूड़ा उठाने के लिए दो ट्रैक्टर व 10 ठेली खरीदने के प्रस्ताव को भी सदन ने सहमति दे दी। ठेके पर वर्षों से काम कर रही महिलाओं के स्थान पर पुरुषों को लगाने पर भी सहमति बन गई। इसकी वजह से बाद में जमकर हंगामा हुआ। सभी सफाई कर्मी बैठक में घुस आए और हंगामा करने लगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चेयरमैन पुत्र व लिपिक शहंशाह अब्बास ने चुनावी खुन्नस निकालते हुए उन्हें काम से हटा दिया है।
सफाई कर्मियों के हंगामे को देखते हुए ईओ सत्यपाल सफाई कर्मियों की समस्या सुनने को बैठक से निकालकर ले गए। सफाई कर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद ईओ ने कहा कि वह इस संबंध में चेयरमैन से बात करेंगे। सफाई कर्मी ईओ कार्यालय से निकलने के बाद नगर पंचायत परिसर में ही धरने पर बैठ गए। ईओ के समझाने पर कर्मचारियों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
इसके अलावा अन्य कई प्रस्ताव भी समिति से पास हुए। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता के प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए विश्वजीत गुप्ता ने पूर्व में लगाए गए छह सौ रुपये प्रति कमरा गृहकर को अत्यधिक बताते हुए उसे कम करने को कहा, जिस पर सदन ने तीन सौ रुपये प्रति कमरा किए जाने का प्रस्ताव को पारित कर दिया। इस मौके पर अध्यक्ष नूरसबा वेगम, ईओ सत्यपाल, जहीर अहमद, शोएव अहमद आदि मौजूद रहे।
बिसौली : कई प्रस्तावों पर लगी मुहर
बिसौली। पालिका बोर्ड की पहली बैठक में सर्वसम्मति से विकास कार्यों के लिए 50 करोड़ के प्रस्ताव पारित हुए। इससे नाला निर्माण, पथप्रकाश, पेयजल व्यवस्था, सफाई, सड़क सुधार आदि के विकास कार्यों को गति मिलेगी। बैठक में सपा विधायक आशुतोष मौर्या ने भी शिरकत की। ईओ ज्ञानेंद्र सिंह, लिपिक राजीव कुमार, वार्ड सदस्य दीपक पाठक,अभीक्ष पाठक, तरुण शर्मा, सुनीता आदि मौजूद रहे। संवाद
उसावां : आठ करोड़ से जल्द सुधरेंगी नगर की व्यवस्थाएं
उसावां। नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में पेयजल, पथ प्रकाश, नवनिर्माण व नगर के सौंदर्यीकरण के लिए आठ करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया। पंचायत अध्यक्ष प्रियंका सिंह ने कहा कि नगर की जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस धनराशि में स्वच्छ पेयजल पर 2,14,000 रुपये खर्च होंगे। पोलों पर लाइट के लिए 93 लाख रुपये, सुंदरीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इस मौके ईओ संदीप चंद्रा, लिपिक सचिन सक्सेना आदि मौजूद रहे। संवाद
अलापुर नगर के विकास पर हुई चर्चा
अलापुर। नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक आयोजित की गई। बोर्ड के सहमति से 7,00,000 का बजट पेश किया गया। इसके साथ ही नगर के विकास को लेकर चर्चा की गई। चेयरमैन मोहम्मद फैसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में ईओ मोहम्मद रजा के साथ ही सदस्य सुखदेव वर्मा, मानवती, नदीम, हरननदन शाक्य, सिब्ते हसन, फरजाना आदि मौजूद रहे। संवाद
सैदपुर : 15 करोड़ से अधिक के प्रस्ताव हुए पारित
सैदपुर। नगर पंचायत बोर्ड की पहली बैठक में चेयरमैन इशरत अली खान ने बिसौली क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य से साथ वार्ड सदस्यों की बैठक ली। इसमें नगर पंचायत की प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 45 लाख रुपये की 1000 एलईडी लाइटें, 5 लाख रुपये के 100 पोल खरीदने, पेयजलापूर्ति की नई लाइनें डालनें और पुरानी लाइनें जो क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं उनके लिए 5 लाख रुपये समेत दर्जनभर अन्य प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस मौके पर ईओ सत्यपाल सिंह, लिपिक मोहम्मद आलम, निखिल कुमार आदि मौजूद रहे। महिला सदस्यों के स्थान पर उनके पति बैठक में शामिल हुए। सदस्यों ने अधिशासी अधिकारी के लगातार अनुपस्थिति का मुद्दा भी उठाया, लेकिन उसे कार्रवाई रजिस्टर में शामिल नहीं किया गया। संवाद