Budaun News: गंगा स्नान कर शिवभक्तों ने किया कांवड़ पूजन

कछला गंगाघाट से निकवी कांवड़ियों की टोली। संवाद
डीजे के संगीत पर नाचते-झूमते निकले कांवड़िये, हाईवे पर जत्थों की लगी लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी/ कछला। गंगाघाट बृहस्पतिवार पूरे दिन आस्था से सराबोर रहा। कांवड़ियों ने गंगा में डुबकी लगाने के बाद कांवड़ पूजन किया। पूजन के बाद भोले के भक्त जयकारे लगाते हुए शिव मंदिरों की ओर निकल पड़े।
बरेली-मथुरा हाईवे के रास्ते कांवड़ियों के निकलने का सिलसिला बृहस्पतिवार तड़के से ही शुरू हो गया। कांवड़ियों की टोलियों के अधिकतर वाहनों पर डीजे सिस्टम लगा दिखा। टोलियों में थिरकते कलाकारों ने कांवड़ियों को झूमने के लिए मजबूर कर दिया। महिला शिवभक्तों ने भी कांवड़ यात्रा की शुरूआत की। अलापुर क्षेत्र के गांव अभियासा के कांवड़ियों की टोली में शामिल हरीओम ने बताया कि उनकी टोली शाहजहांपुर जिले के पटना देवकली स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक करेगी। इससे पहले कांवड़ियों की टाेलियों ने गंगाघाट पर आस्था की डुबकी लगाकर कावड़ पूजन किया। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार किया। रात में भी कांवड़ यात्रा चलती रही। रास्ते में विश्राम स्थल पर कांवड़ रखकर उठाने से पहले क्षमा याचना भी की। कल्याण सिंह चौक पर शिवभक्तों ने कांवड़ियों का स्वागत किया। कछला चौराहे पर भी ऐसा ही माहौल रहा।
कछला गंगाघाट पर एक और बाइक चोरी
– कछला गंगाघट पर कांवड़ यात्रा के दौरान से बाइक चोर सक्रिय हो गए हैं। बुधवार शाम बरेली जिले में हाफिजगंज थाना क्षेत्र के गांव तिगरा निवासी राजेश की बाइक चोरी हो गई। राजेश अपनी बाइक घाट पर ही खड़ी करके गंगा स्नान करने गए थे। बता दें कि इससे पहले बरेली के कांवड़ियों की तीन और बदायूं जिले के एक कांवड़िया की बाइक चोरी हो चुकी है। पर्स और बैग चोरी के मामले भी सामने आए हैं।