Budaun News: बीमार गोवंशों का किया उपचार, कराई सफाई

बनकोटा गांव में गो आश्रय स्थल का निरीक्षण करते एसडीएम । संवाद
बदायूं/ वजीरगंज। बनकोटा में बने गो आश्रय स्थल में बीमार पड़े गोवंशों का बृहस्पतिवार को डॉक्टर ने पहुंचकर इलाज किया। एक गोवंश की हालत इतनी ज्यादा खराब थी कि उसे ड्रिप तक लगानी पड़ गई। वहीं एसडीएम ने दूसरे दिन भी गो आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। वहां पर सफाई भी करवाई।
यहां बता दें कि वजीरगंज के गांव बनकोटा में बने गो आश्रय स्थल का बुधवार को एसडीएम ने औचक निरीक्षण किया था। वहां गोवंशों के खाने के लिए भूसा तक नहीं था। गोवंश भूख के कारण बीमार हो गए थे। निरीक्षण में एसडीएम को कई अन्य खामियां भी मिली थीं, जिन्हें उन्होंने सुधारने के निर्देश संबंधित लोगों को दिए थे।
दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी एसडीएम विजय कुमार मिश्र ने गोशाला का औचक निरीक्षण किया। यहां पर पहले से कुछ हालत सुधरे नजर आए। वहीं एसडीएम ने प्रधान पति को गोशाला में पड़े गोबर को हटाने और सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोवंशों के चारे की अतिरिक्त व्यवस्था कराने और हरा चारा उपलब्ध कराने को कहा। वहीं गो आश्रय स्थल में एक गोवंश की हालत ज्यादा खराब थी। ऐसे में पशु चिकित्सक ने मौके पर पहुंचकर उसे ड्रिप चढ़ाई और दवा भी दी।