Pilibhit News: कार अनियंत्रित होकर पलटी, युवक की मौत
असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर के समीप हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। गुरुग्राम से लखीमपुर जा रही कार के पलटने से लखीमपुर खीरी के मैलानी के गांव हरदुआ निवासी दीपक (18) की मौत हो गई। कार सवार अन्य चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दीपक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे असम हाईवे पर हरदोई ब्रांच नहर के समीप हुई। कार सवार गुरुग्राम से लखीमपुर जा रहे थे। हरदोई ब्रांच नहर के पास कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घायलों मैलानी के गांव हरदुआ निवासी दीपक, हरियाणा के रोहतक की शेर बिहार कॉलोनी निवासी रोविन (33), रोहतक के खलानूर निवासी अमित (30), लखीमपुर खीरी के थाना मैलानी के ढका निवासी इसराइल व उनके 14 वर्षीय पुत्र इकबाल को सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सक ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
रोविन, अमित, इसराइल को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया हैं। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।