Budaun News: सड़क हादसे में टेंपो चालक की मौत

मृतक सोहिल का फाइल फोटो।
खेड़ा नवादा और पुरानी चुंगी के बीच वेल्गा फैक्टरी के बीच हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिलहरी (बदायूं)। शहर में शनिवार रात वेल्गा फैक्टरी के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से टेंपो चालक भूपेंद्र (26) की मौत हो गई।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव खिरिया रहलू निवासी भूपेंद्र पुत्र अजब सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। परिवार वालों के मुताबिक भूपेंद्र शनिवार को टेंपो लेकर शहर में चलाने आया था। वह रात करीब दो बजे खेड़ा नवादा चौराहे की ओर से पुरानी चुंगी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वेल्गा फैक्टरी के सामने किसी बड़े वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो क्षतिग्रस्त हो गया।
भूपेंद्र टेंपो से निकलकर सड़क पर जा गिरा और बड़े वाहन के पहियों में फंस गया। वह करीब दस मीटर तक घिसटता चला गया और फिर वाहन से कुचल गया। कुछ ही देर बाद खेड़ा नवादा चौकी से पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस चालक को जिला अस्पताल ले गई, लेकिन यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में सूचना पर परिवार वाले भी पहुंच गए। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने रविवार दोपहर चालक के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। टेंपो को टक्कर किस वाहन ने मारी थी अभी यह पता नहीं चला है। इसके लिए पुलिस आसपास की बिल्डिंगों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालेगी।
–
फोटो
हादसे में घायल तीसरे युवक ने भी दम तोड़ा
म्याऊं। अलापुर थाना क्षेत्र में अभियासा गांव के नजदीक बाइकों की भिड़ंत में घायल तीसरे युवक सोहिल (20) पुत्र फिरासत की शनिवार देर रात बरेली में उपचार के दौरान मौत हो गई। सोहिल शनिवार शाम अपने गांव के फरमान के साथ दिल्ली जाने को एसी बस का टिकट बुक कराने के लिए बाइक से अलापुर आ रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक अभियासा गांव के नजदीक दूसरी बाइक से टकरा गई थी, जिसमें उसकी बाइक पर बैठे फरमान (16) और दूसरी बाइक पर सवार उसहैत के ग्राम खेड़ा जलालपुर निवासी इदरीश (30) की मौके पर ही मौत हो गई थी। थाना पुलिस ने सोहिल को जिला अस्पताल भेज दिया था, जहां से परिवार वाले उसे बरेली ले गए थे। उसका उपचार बरेली के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा था लेकिन कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। इससे परिवार वाले युवक के शव को बदायूं ले आए। इसके बाद पुलिस ने फरमान और इदरीश के साथ उसके शव का भी पोस्टमार्टम करा दिया। संवाद

मृतक सोहिल का फाइल फोटो।