Budaun News: जानलेवा हमले के आरोपी ने पत्नी संग खाया विषाक्त पदार्थ, आरोपी की मौत
तीन जुलाई को शहर में रजिस्ट्री कार्यालय के सामने भतीजे को चाकू मारकर किया था घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/अलापुर। चार दिन पहले शहर में रजिस्ट्री कार्यालय के सामने भतीजे को चाकू मारने वाले आरोपी चाचा नेमचंद और उसकी पत्नी ने बृहस्पतिवार रात अपने घर पर विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे दोनों की हालत बिगड़ गई। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां शुक्रवार शाम को नेमचंद की मौत हो गई। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव दारानगर निवासी मुनेश पुत्र मुरारी तीन जुलाई को बैनामा कराने रजिस्ट्री कार्यालय आया था। उसी दौरान मुनेश को उसके चाचा नेमचंद और उसके बेटे ब्रजेश ने रजिस्ट्री कार्यालय के सामने ही घेर लिया था। इसके बाद दोनों ने मुनेश पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इस संबंध में मुनेश ने चाचा और चचेरे भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। बताया जा रहा है कि तब से दोनों आरोपी घर से भागे हुए थे। बृहस्पतिवार रात 56 वर्षीय नेमचंद और उसकी 50 वर्षीय पत्नी धनदेवी ने घर में विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिससे दोनों की हालत बिगड़ गई। परिवार वाले उन्हें रात में ही राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए।
शुक्रवार शाम नेमचंद की उपचार के दौरान मौत हो गई। धनदेवी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। प्रभारी इंस्पेक्टर क्राइम उरेंद्र सिंह ने बताया कि दंपती ने पारिवारिक कलेश के चलते विषाक्त पदार्थ खाया है। इधर एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि छानबीन कराई जा रही कि ग्रामीण ने विषाक्त पदार्थ क्यों खाया। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
–
मुनेश को बैनामा करने से नाराज था नेमचंद
इस घटना को लेकर नेमचंद के पड़ोसियों ने बताया कि उसकी मां नीमो अपने नाती मुनेश के साथ रहती हैं। नेमचंद उन्हें खाना नहीं देता था। इससे नीमो अपने दूसरे बेटे के बेटे यानी मुनेश को बैनामा करना चाहती थी। तीन जुलाई को नीमो उसको बैनामा करने ही गईं थीं। तभी नेमचंद ने मुनेश पर हमला कर दिया था।