Budaun News: उझानी में जनसेवा केंद्र संचालक से तीन लाख रुपये ठगे

सोनू शर्मा जन सेवा केंद्र संचालक।
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। ठगों ने यहां पहले एक जनसेवा केंद्र संचालक पर अपना विश्वास जमाया, उसके बाद उससे करीब तीन लाख रुपये ठग लिए।
ठगी के शिकार मोहल्ला नझियाई निवासी सोनू शर्मा पुत्र रामनरेश का छतुइया गांव में जनसेवा केंद्र है। सोनू ने बताया कि करीब आठ दिन पहले कार सवार दो लोग उसके संपर्क में आए। दोनों लोग एक-दिन के अंतर पर 10 और 20 रुपयों के नोटों को पांच-पांच सौ रुपये के नोट में बदलकर ले जाते रहे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने फोन पर तीन लाख रुपये बदलने की बात की।
जनसेवा केंद्र संचालक ने बताया कि 10 जुलाई को दोनों आरोपी कार से मंडी समिति मोड़ के पास आए। उसे रुपये लेकर बुला लिया गया। आरोपियों ने छोटे नोटों की गड्डियां दिखाईं और बैग उसे सौंप दिया। बदले में उससे तीन लाख रुपये के बढ़े नोट ले लिए। सोनू ने जनसेवा केंद्र पर जाकर जब रुपये चेक किए तो 30 हजार रुपयों की गड्डियों के नीचे पुरानी कापियां और रद्दी कागज निकले। इसपर वह हतप्रद रह गया। उसने पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
–
ज्यादा कमीशन पाने के लालच में लगा चूना
जनसेवा केंद्र संचालक छोटे नोटों की गड्डियों को पांच-पांच सौ रुपये के नोट में बदलने की एवज में रुपये खाते में ट्रांसफर कराते थे। इसके एवज में सोनू को कमीशन मिलता था। शुरुआत में वह उसके केंद्र पर चार हजार रुपये अतिरिक्त छोड़ जाया करते थे, जिसके चलते वह आरोपियों के चंगुल में फंसता चला गया।
–
ऐसा कोई मामला उनके और कोतवाली पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है। फिर भी, मामले की जानकारी करेंगे। सच्चाई सामने आती है तो कार्रवाई भी होगी।
– मनोज कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक