Budaun News: सड़क हादसों में वृद्धा समेत तीन लोगों की मौत

मृतक अरुण गुप्ता का फाइल फोटो। सड़क हादसों में मौत की खबर के साथ
बदायूं। जिले में 24 घंटे के भीतर हुए सड़क हादसों में एक वृद्धा समेत तीन लोगों की मौत हो गई। नई सराय के अरुण गुप्ता बाइक से ककोड़ा मेले से लौट रहे थे। रास्ते में किसी वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। उधर, वजीरगंज थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय विपिन कुमार की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई, तभी ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। मुजरिया इलाके में एक बीमार वृद्ध महिला की ई-रिक्शा से गिरकर मौत हो गई।
कादरचौक। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय निवासी अरुण गुप्ता (35) शनिवार को बाइक से ककोड़ा मेला गए थे। वहां से वह देर रात घर लौट रहे थे। रास्ते में कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव असरासी के नजदीक किसी वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। इससे अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट लगाए थे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने उनका शव मोर्चरी में रखवा दिया। अरुण दो भाइयों में बड़े थे। वह मूर्तियों के कपड़े सिलकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
रेहड़िया। मूलरूप से कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव बाबट निवासी विपिन कुमार (35) वजीरगंज इलाके के गांव सहावर खेड़ा में रहकर डीजे और जनरेटर किराये पर देते थे। विपिन काफी समय से सहावर खेड़ा में रह रहे थे। वह रविवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से बिसौली जा रहे थे। उनकी बाइक रेहड़िया पुलिस चौकी के नजदीक पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इससे दूसरा बाइक सवार खाई में जा गिरा, जबकि विपिन बाइक समेत मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर गिर गए।
उसी वक्त बिसौली की ओर से आए ट्रक ने विपिन को कुचल दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर उसका चालक पकड़ लिया, लेकिन दूसरा बाइक सवार खाई से निकलकर भाग गया। वह अपनी बाइक भी ले गया। दोपहर के समय पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
मुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव सेमरा बनवीरपुर निवासी नत्थो (82) काफी समय से बीमार थीं। वह शनिवार को एक ई-रिक्शा में सवार होकर अपनी दवा लेने कौल्हाई आ रहीं थीं। इसी दौरान वह सेमरा और कौल्हाई के बीच चक्कर आने से ई-रिक्शा से गिर गईं। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिवार वाले उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात उनकी मौत हो गई।

मृतक अरुण गुप्ता का फाइल फोटो। सड़क हादसों में मौत की खबर के साथ

मृतक अरुण गुप्ता का फाइल फोटो। सड़क हादसों में मौत की खबर के साथ