Budaun News: ट्रैक्टर खाई में पलटा, चालक की दबकर मौत

मृतक योगेश मौर्य का फइल फोटो। (एक्सीडेंट की खबर के साथ)
आसफपुर। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में आसफपुर रेलवे स्टेशन के नजदीक सोमवार देर शाम जुताई कर लौटते वक्त ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। 30 वर्षीय चालक योगेश की उसके नीचे दबकर मौत हो गई।
कस्बा आसफपुर निवासी योगेश पुत्र हरिओम मौर्य सोमवार शाम अपना ट्रैक्टर लेकर किसी का खेत जोतने गया था। परिवार वालों के मुताबिक वह देर शाम ट्रैक्टर लेकर घर आ रहा था। तभी रास्ते में रेलवे स्टेशन के सामने विद्युत उपकेंद्र के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में पलट गया। यह देखकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर युवक के परिवार वाले भी पहुंच गए और आसफपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुनील शर्मा भी आ गए। सभी लोगों ने मिलकर बमुश्किल से ट्रैक्टर में फंसे चालक को निकाला। परिवार वाले उसे तुरंत स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से परिवार वाले उसे चंदौसी ले जा रहे थे कि रास्ते में योगेश ने दम तोड़ दिया। युवक के दो छोटे छोटे बच्चे हैं। वह दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई रंजीत सरकारी नौकर है। हादसे के बाद से उसकी पत्नी रीना का बुरा हाल है। देर रात तक युवक का शव पोस्टमार्टम को नहीं भेजा गया।