Budaun News: बरेली-मथुरा हाईवे पर हादसे में ट्रक चालक की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Wed, 11 Oct 2023 01:11 AM IST

मृतक अनिल कुमार का फाइल फोटो।
बिनावर (बदायूं)। बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे पर बिनावर थाने के सामने ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे चल रहा ट्रक उससे टकरा गया। हादसे में निगोही, शाहजहांपुर के ट्रक चालक 45 वर्षीय अनिल की मौत हो गई, जबकि उसका भाई (हेल्पर) बाल-बाल बच गया। थाना पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के गांव कटैया उस्मानपुर निवासी अनिल बरेली के शाहिद खान का ट्रक चलाते थे। वह परिवार के साथ कई साल से बरेली के डेलापीर इलाके में सिद्धार्थकुंज में रह रहे थे। अनिल ने अपने छोटे भाई भाई को बतौर हेल्पर लगा लिया था। परिवार वालों के अनुसार दोनों भाई मंगलवार तड़के करीब तीन बजे ट्रक में धान लादकर एटा से बरेली आ रहे थे।
ट्रक बरेली-मथुरा हाईवे पर बिनावर के नजदीक पहुंचा तो आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगा दिए। यहां सड़क भी क्षतिग्रस्त है। है। चूंकि अनिल के ट्रक की रफ्तार तेज थी सो वह आगे वाले ट्रक के ब्रेक लगाने पर गति नियंत्रित नहीं कर सके। उनका ट्रक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि अनिल के ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अनिल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका भाई पंकज बाल-बाल बच गया। पुलिस ने जेसीबी से केबिन तुडबाकर अनिल का शव बाहर निकाला। अनिल तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है।

मृतक अनिल कुमार का फाइल फोटो।