Budaun News: गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढे में डूबे बालक के परिजनों को सौंपा दो लाख का चेक
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Tue, 20 Jun 2023 12:46 AM IST
दातागंज (बदायूं)। एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह और गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण करा रही एसजी इन्फ्रा लिमिटेड के अधिकारियों ने सोमवार को गड्ढे में डूबकर मरे बालक के परिवार वालों को दो लाख रुपये का चेक सौंपा। छह मई को ग्राम डहरपुर निवासी 10 वर्षीय रंजीत पुत्र किशोरी की गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढे में डूबकर मौत हो गई थी। गांव के नजदीक गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण चल रहा है। छह जून को रंजीत कई दोस्तों के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान उसकी एक्सप्रेस-वे के गड्ढे में भरे बरसात के पानी में डूबकर मौत हो गई थी। सोमवार को एसजी इन्फ्रा लिमिटेड कंपनी के अधिकारी और एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बालक के पिता किशोरी को कार्यालय बुलाकर दो लाख का चेक सौंपा। एसडीएम ने कहा कि अभी चार लाख रुपये और दिए जाएंगे। संवाद