Budaun News: दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत, एक जख्मी

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक रामऔतार के परिजन। संवाद
बृहस्पतिवार रात बिल्सी और शुक्रवार सुबह कादरचौक इलाके में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बिल्सी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात एक ट्रक की टक्कर से राजपाल (52) की मौत हो गई तो वहीं शुक्रवार सुबह कादरचौक इलाके में अज्ञात वाहन की टक्कर से रामऔतार (40) की जान चली गई। पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम करा दिए हैं।
कादरचौक। उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव चेतूनगला निवासी रामऔतार पुत्र श्रीपाल इकलौते पुत्र थे। शुक्रवार सुबह अपने गांव से ननिहाल जा रहे थे। तभी रास्ते में ककोड़ा गांव के नजदीक किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामऔतार के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। हादसे के दौरान रामऔतार हेलमेट नहीं लगाए थे। राऔतार बचपन से अपनी ननिहाल में रह रहे थे।
बिल्सी। थाना क्षेत्र के गांव नगला डल्लू निवासी राजपाल और उनके गांव के प्रेम सिंह बृहस्पतिवार रात बाइक पर उघैती क्षेत्र के गांव गंदरौली से घर लौट रहे थे। उनकी बाइक थाना क्षेत्र में नरैनी चौराहे पर पहुंची थी कि तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे राजपाल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रेम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। शुक्रवार दोपहर राजपाल के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। हादसे के दौरान वह हेलमेट नहीं लगाए थे।