Budaun News: सड़क हादसों में दो युवकों की मौत

मृतक अंकित मल फाइल फोटो। संवाद
बदायूं। बिसौली और उघैती थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। इनमें एक युवक की बाइक घोड़ा बुग्गी से टकरा गई थी, जबकि दूसरा युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसे सहसवान के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बिसौली। उघैती थाना क्षेत्र के गांव गदगांव निवासी अंकित मल (26) शुक्रवार रात बाइक लेकर बिसौली कस्बे से अपने घर लौट रहा था। उस वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए था। बताते हैं कि उसकी बाइक सिद्धपुर गांव के नजदीक पहुंची थी। तभी उसकी बाइक आगे-आगे जा रही घोड़ा बुग्गी से टकरा गई थी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुंचे परिवार वाले उसे स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। इसके बाद बिसौली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया।
उघैती। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव नगला जाटव निवासी रूपकिशोर (35) शुक्रवार को खितौरा और रियोनाई के बीच सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा मिला था। इसकी सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने उसे सहसवान के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया था। जहां शनिवार को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस पर पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।


