Budaun News: बुग्गी वापस मांगी तो बड़े भाई को पीटकर मार डाला
उझानी। अपनी बुग्गी वापस मांगने पर छोटे भाई ने बड़े को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। देर रात इलाज के दौरान उसकी राजकीय मेडिकल काॅलेज में मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव ननाखेड़ा निवासी बदलू शेख (55) बुग्गी चलाते थे। उनका भाई टेनी दूसरे घर में अपने परिवार के साथ रहता है। कुछ दिन पहले टेनी ने बदलू से बुग्गी मांगी तो बदलू ने उसे बुग्गी दे दी और कुछ दिन बाद लौटा देने के लिए कहा था। इसके बाद टेनी बुग्गी को अपने प्रयोग में लेने लगा था। बताते हैं कि बदलू उससे कई दिन से बुग्गी मांग रहा था, लेकिन टेनी हर बार टालमटोल कर देता था। मंगलवार को भी बदलू ने टेनी से बुग्गी देने को कहा था, लेकिन उसने बुग्गी नहीं दी।
बुधवार सुबह करीब नौ बजे बदलू टेनी के घर पहुंचे और बुग्गी लौटाने को कहा, लेकिन टेनी ने मना कर दिया। इस पर बदलू नाराज हो गया। इसे लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। धीरे-धीरे बात इतनी बड़ गई कि नौबत हाथापाई की आ गई। इस पर टेनी ने बदलू को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट देखकर टेनी की पत्नी नफीसा और बेटा आमीन भी बीच में आ गए।
उन्होंने भी बदलू को जमकर पीटा। जब इसकी जानकारी बदलू के परिजनों को लगी तो वहां आ गए लेकिन तब तक बदलू काफी घायल हो गया था। वे उसे लेकर स्वास्थ्य केंद्र गए जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया, जहां रात में बदलू की मौत हो गई। बदलू के परिजनों ने पहले मारपीट का मुकदमा टेनी व उसकी पत्नी व बेटे के खिलाफ दर्ज कराया था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट का मुकदमा दर्ज है। मौत होने के बाद मामला दूसरी धाराओं में तरमीम किया जाएगा।



